
Jaipur Bisa School | Daya Sagar Bisht | Haldwani : जयपुर बीसा राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन में जलभराव और मरम्मत की जरूरत के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी के चेयरमैन अधिवक्ता दया सागर बिष्ट ने पहल की है।
अधिवक्ता दया सागर बिष्ट ने जयपुर बीसा प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए शैमफोर्ड स्कूल में दो कक्ष निःशुल्क उपलब्ध कराए हैं। इन कक्षों में बच्चे नए विद्यालय भवन के तैयार होने तक पढ़ाई जारी रख सकेंगे। स्कूल प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को जरूरी शैक्षणिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शैमफोर्ड स्कूल पहुंचने के बाद विद्यार्थियों को केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं रखा गया…बल्कि उन्हें स्कूल की विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं से भी परिचित कराया गया। बच्चों ने विद्यालय के पुस्तकालय, गणित प्रयोगशाला और कंप्यूटर प्रयोगशाला का भ्रमण किया।
आधुनिक सुविधाओं को देखकर बच्चों में उत्साह नजर आया। इस दौरान अधिवक्ता दया सागर बिष्ट ने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण तक विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो…इसी उद्देश्य से शैमफोर्ड स्कूल में दो कक्ष उपलब्ध कराए गए हैं। इस पहल से बच्चों को अपनी नियमित पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिला है।
अधिवक्ता दया सागर बिष्ट ने कहा कि बच्चों की शिक्षा उनके भविष्य की नींव है। जरूरत के समय सक्षम लोगों को समाज और बच्चों के साथ खड़ा होना चाहिए। इसी सोच के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई को जारी रखने में सहयोग किया गया है।
इन लोगों का रहा सहयोग
इस पहल को सफल बनाने में निदेशक राजेश बिष्ट, चेयरपर्सन ऋचा बिष्ट, निदेशक शैक्षणिक अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडेय समेत विद्यालय के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सहयोग रहा।
शैमफोर्ड प्रबंधन की इस पहल से जयपुर बीसा प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को नया भवन तैयार होने तक पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था मिल गई है।






