
Pradhikaran 11: Media 11: Haldwani: Cricket: गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रविवार को प्रेस-11 और प्राधिकरण की टीम के बीच क्रिकेट मुकाबला खेला गया। मैच में प्रेस-11 ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए प्राधिकरण को 58 रन से हरा दिया। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में भी प्रेस-11 के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रेस-11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 153 रन बनाए। टीम की ओर से राकेश रावत ने 33 रन की पारी खेली। राधे कांडपाल ने 27, अंकित ने 23, दिनेश पांडेय ने 20 और हर्ष रावत ने 16 रन का योगदान दिया। इन पारियों की मदद से प्रेस-11 ने प्राधिकरण के सामने 154 रन का लक्ष्य रखा। प्राधिकरण की ओर से सचिव मनीष सिंह, उप सचिव एपी वाजपेयी, सुहेल, प्रदीप,समीर अहमद और रोहित ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्राधिकरण की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रेस-11 के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही दबाव बनाना शुरू कर दिया और दूसरे ओवर से विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। लगातार विकेट गंवाने के कारण प्राधिकरण की टीम बड़ा स्कोर बनाने की स्थिति में नहीं पहुंच सकी।
प्राधिकरण की ओर से समीर ने 42 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि शिवम ने 15 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। पूरी टीम 14वें ओवर में 95 रन पर ऑलआउट हो गई और प्रेस-11 ने 58 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
प्रेस-11 की ओर से राधे कांडपाल ने तीन विकेट लिए। हर्ष रावत और अंकित को दो-दो विकेट मिले, जबकि दिनेश पांडेय, राकेश रावत और विनोद ने एक-एक विकेट हासिल किया। गेंदबाजों के साथ क्षेत्ररक्षकों ने भी कई अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया।
इस जीत के साथ प्रेस-11 ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। मुकाबले के दौरान मैदान में मौजूद खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बता दें कि पिछला मुकाबला जो बारिश के चलते ड्रा पर समाप्त हुआ था वहां पर भी प्राधिकरण एकादश की टीम 87 रन ही बना सकी थी। विंटर सीजन में 5 मुकाबलों की सीरीज को 3-2 से शून्य करने के बाद प्राधिकरण के लिए समर सीजन की शुरुआत बेहद खराब रही है।






