Nainital-Haldwani News

अच्छी रही काठगोदाम डिपो की दिवाली, एक दिन में रिकार्ड 20 लाख से अधिक की कमाई कर डाली

अच्छी रही काठगोदाम डिपो की दिवाली, एक दिन में रिकार्ड 20 लाख से अधिक की कमाई कर डाली

काठगोदाम: दीपावली त्योहार उत्तराखंड परिवहन निगम के लिए हमेशा ही अच्छे दिन लेकर आते है। रोडवेज की आर्थित स्थिति कैसी है इससे हर कोई वाकिफ है। मगर रोडवेज के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी मेहनत के जरिए रिकॉर्ड बनाया है। काठगोदाम डिपो ने दिवाली के मौके पर एक ही दिन में रिकॉर्ड 20 लाख 79 हजार रुपए की कमाई की है।

बता दें कि त्योहारों के मौके पर समस्त प्रवासी अपने घरों को लौटते हैं। अपनों के साथ पर्व की खुशियां बांटने के लिए लोग आते हैं। त्योहार के बाद हर किसी को वापिस भी जाना होता है। इसी सेवा में उत्तराखंड रोडवेज हमेशा तत्पर रहता है। नैनीताल रीजन के सभी डिपो ने इस दिवाली पर अच्छी कमाई की है। हल्द्वानी डिपो ने भी 18 लाख रुपए की कमाई की।

डिपो – आय (रुपए)

रानीखेत डिपो – 3.79 लाख

अल्मोड़ा डिपो – 4.69 लाख

भवाली डिपो – 3.89 लाख

काशीपुर डिपो – 8.71 लाख

रामनगर डिपो – 11.07 लाख

रुद्रपर डिपो – 17.43 लाख

हल्द्वानी डिपो – 18.17 लाख

काठगोदाम डिपो – 20.79 लाख

गौरतलब है कि एक दिन में नैनीताल रीजन के विभिन्न डिपो ने मिलकर रिकार्ड आय 88.54 अर्जित की है, जो बीते वर्षो में सबसे अधिक है। इसी दौरान पूरे प्रदेश ने 2 करोड़ 57 लाख 38 हजार की आय अर्जित की। प्रदेश में देहरादून ग्रामीण डिपो ने एक दिन में सबसे ज्यादा 46 लाख 47 हजार की आय अर्जित कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। जबकि नैनीताल मंडल में यह रिकॉर्ड काठगोदाम के नाम रहा।

मंडलीय महाप्रबंधक नैनीताल मंडल पवन मेहरा ने कहा कि नैनीताल मंडल ने एक दिन में रिकार्ड 88.54 की आय अर्जित कर निगम को फायदा पहुंचाया है। इसमें सहायक महाप्रबंधक से लेकर हर अधिकारी-कर्मचारी की मेहनत लगी है। उन्होंने कहा कि हमने त्योहार पर अतिरिक्त बसें भी चलाई। रोडवेज से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी अपने त्योहार भूलकर यात्रियों की सेवा में लगे रहते हैं।

इधर, काठगोदाम डिपो के सहायक महाप्रबंधक सुरेश सिंह चौहान ने काठगोदाम डिपो की रिकॉर्ड कमाई का श्रेय पूरी टीम को दिया है। उन्होंने कहा कि काठगोदाम डिपो द्वारा सवार्धिक आय अर्जित कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। टीम वर्क के कारण ही हमपर दबाव नहीं आया इसके लिये में डिपो के समस्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त करता हूं।

गौरतलब है कि बीते साल से लेकर अबतक निगम कर्मियों को सही से वेतन भी नहीं दे पा रहा है। लेकिन फिर भी कर्मचारी-अधिकारी पूरी मेहनत के साथ लगे हुए हैं। ये वाकई काठगोदाम डिपो और नैनीताल रीजन के लिए गर्व की बात है। इस मौके पर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै ने कहा कि यह रिकार्ड आय अधिकारियों-कर्मचारियों की लगन का नतीजा है।

To Top