Nainital-Haldwani News

सपने मेहनत से पूरे होते हैं, हल्द्वानी के क्षितिज बने NEET परीक्षा में उत्तराखंड के टॉपर

सपने मेहनत से पूरे होते हैं, हल्द्वानी के क्षितिज बने NEET परीक्षा में उत्तराखंड के टॉपर

हल्द्वानी: लो जी, शहरवासियों के लिए नीट परीक्षा से एक खुशखबरी और आई है। हल्द्वानी के क्षितिज कुमार सिंह ने उत्तराखंड टॉप किया है। क्षितिज को ऑल इंडिया में 691वीं रैंक प्राप्त हुई है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) में क्षितिज के इस प्रदर्शन से पूरे हल्द्वानी का नाम रौशन हुआ है।

बता दें कि क्षितिज कुमार सिंह हल्द्वानी के मल्ला गोरखपुर में अपने माता-पिता के साथ रहते हैं। वह मूल रूप से यूपी के गोरखपुर के निवासी हैं। दरअसल क्षितिज के पिता अनिल कुमार सिंह व्यवसाय करते हैं जबकि माता रीता सिंह गृहणी हैं। खास बात ये है कि क्षितिज का नीट में चयन साल 2019 और 2020 में हुआ था। लेकिन रैंक मनपसंद नहीं मिला इसलिए तब मौका नहीं लपका।

क्षितिज ने 12वीं में नवाबी रोड स्थित दून पब्लिक स्कूल से पढ़ते हुए 92.6 प्रतिशत अंक अर्जित किए थे। इसके बाद से ही क्षितिज ने मेडिकल में दाखिले की तैयारी शुरू कर दी। क्षितिज बताते हैं कि स्कूल में अध्यापक उनसे डॉक्टर बनने को ही कहते थे। क्षितिज का खुद का मानना भी यही था कि डॉक्टरों का पेशा समाज में काफी सम्मानजनक है।

फिर क्या था, तैयारी शुरू हुई और क्षितिज ने 2019 और 2020 में नीट उत्तीर्ण कर लिया। लेकिन उनके मनपसंद कॉलेज लायक रैंक नहीं थी। इसलिए उन्होंने दोबारा से परीक्षा की तैयारी करने का मन बना लिया। मेहनत का फल अब जाकर मिला है। क्षितिज ने बताया कि अब अच्छी रैंक के साथ नीट उत्तीर्ण करने की खुशी है। बताया कि कोचिंग के साथ ही पांच से छह घंटे स्टडी भी करते थे। 

नीट में सफलता पाने के लिए फोकस सबसे अहम चीज है। मन लगाकर अध्ययन करना और फिर पुराने प्रश्नपत्रों के सभी बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित कर तैयारी करना अति आवश्यक है। टॉपरों की मानें तो शिक्षक जो भी पढ़ाते हैं उसका घर पर रिवीजन जरूर करना चाहिए। साथ ही अच्छे दोस्त बनाएं, जो आपकी पढ़ाई में मदद कर सकें।

To Top