Nainital-Haldwani News

माइनस में पहुंचा कुमाऊं के दो जिलों का तापमान, आज भी बहुत ठंडा रहेगा नैनीताल

नैनीताल: बढ़ती तारीखों के साथ जनवरी करीब आ रही है। नए साल के नजदीक आते ही उत्तराखंड में ठंड का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। कुमाऊं में ठंड की मार बहुत तेज हो रही है। कुमाऊं के दो जिले तो ऐसे हैं जहां तापमान जीरो डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। नैनीताल और हल्द्वानी में भी मौसम सर्द बना हुआ है। मौसम विभाग अब भी कुछ इलाकों में बारिश व बर्फबारी की बात कह रहा है।

बीते दिनों मौसम विभाग द्वारा ठंड बढ़ने का अंदेशा जताया गया था। बताया था कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम अब बदलता नजर आ रहा है। गुरुवार तो ठंड के मामले में रिकॉर्ड तोड रहा। बीते दिन चंपावत और लोहाघाट का तापमान जीरो डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। जहां चंपावत का तापमान माइनस 2.0 डिग्री रहा वहीं लोहाघाट का तापमान माइनस 2.9 डिग्री रहा।

बता दें कि नैनीताल में भी ठंड कम नहीं हो रही है। सरोवर नगरी का तापमान गुरुवार को 3.5 डिग्री पहुंच गया था। हल्द्वानी में तापमान 10.3 डिग्री पहुंचने लगा है। तापमान में गिरावट की वजह से सुबह-शाम जबरदस्त ठंड पडऩे लगी है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि ठंड का असर बना रहेगा। साथ ही कहा कि 17 दिसंबर को कहीं कहीं बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की मानें तो अभी हिमपात से और ठंड बढ़ने की संभावना है। अनुमान लगाया जा रहा है कि फिलहाल ठंड का असर बने रहने की संभावना है। विशेषकर बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों के 2500 मीटर से ऊंचाई वाले हिस्सों पर हिमपात हो सकता है। हालांकि शनिवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है मगर पाला गिरने से ठंड जारी रहेगी।

शुक्रवार का संभावित न्यूनतम तापमान

नैनीताल 4.0 डिग्री

अल्मोड़ा 2.0 डिग्री

हल्द्वानी 11 डिग्री

पिथौरागढ़ 4.0 डिग्री

चम्पावत 1.0 डिग्री

बागेश्वर 4.0 डिग्री

To Top