Uttarakhand News

उत्तराखंड के क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी ने भारत के लिए जड़ा दोहरा शतक, ऑस्ट्रेलिया टीम को खूब थकाया !

Ad

Lakshya Rai Chandani: Uttarakhand: Under-19: राजकोट के निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट में 17 वर्षीय बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। रायचंदानी ने महज 281 गेंदों में 24 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 240 रनों की पारी खेली। रायचंदानी की इस पारी की बदौलत भारत U19 ने पहली पारी में 494 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के 217 रन के जवाब में 277 रनों की बढ़त हासिल की।

यूथ टेस्ट में दो दोहरे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज

लक्ष्य रायचंदानी की 240 रन की पारी इसलिए भी खास है क्योंकि वह यूथ टेस्ट क्रिकेट में दो दोहरे शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने श्रीलंका दौरे पर गॉल में 207 रनों की शानदार पारी खेली थी। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोहरा शतक जड़कर उन्होंने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रायचंदानी का शानदार फॉर्म वनडे में भी देखने को मिला था। इसी महीने खेले गए तीसरे यूथ वनडे में उन्होंने नाबाद 110 रन बनाए थे। बता दें कि लक्ष्य घरेलू क्रिकेट उत्तराखंड क्रिकेट टीम से खेलते हैं। वो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं लेकिन क्रिकेट करियर उत्तराखंड से शुरू किया है। लक्ष्य हमेशा से ही अपने प्रदर्शन के चलते सुर्खियों में रहे हैं। उत्तराखंड के लिए 5 रणजी ट्रॉफी की पारियों में उनके बल्ले से 3 फिफ्टी निकल चुकी हैं।

लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन डटे रहे रायचंदानी

भारत ने सागर विर्क का विकेट महज 11 रन पर गंवा दिया था, लेकिन रायचंदानी ने एक छोर संभालकर पारी को आगे बढ़ाया। कप्तान यशबर्धन चौहान के साथ उन्होंने 124 रनों की साझेदारी की। इसके बाद मोहित उल्वा के साथ नौवें विकेट के लिए 137 रनों की नाबाद साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रायचंदानी की 240 रन की पारी अब भारतीय पारी का सबसे बड़ा आकर्षण बन गई है। लक्ष्य की पारी ने भारत को जीत के करीब ला दिया है।

Ad
To Top