
Lakshya Raichandani | India U19 | Uttarakhand Cricket : उत्तराखंड के युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी ने राज्य का नाम रोशन किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के भारत दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम का ऐलान किया है। लक्ष्य रायचंदानी को तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का कप्तान बनाया गया है।
लक्ष्य को चार दिवसीय मल्टी-डे मैचों वाली भारतीय अंडर-19 टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी भी मिली है। लक्ष्य को दो अलग-अलग फॉर्मेट में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में खुशी है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैच
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। ये मैच 18, 21 और 23 सितंबर को राजकोट में आयोजित किए जाएंगे।
वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी करेंगे…जबकि यशबर्धन चौहान को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग को भी जगह मिली है।
चार दिवसीय मैचों में लक्ष्य उपकप्तान
बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले दो मल्टी-डे मैचों के लिए भी टीम घोषित की है। इसमें उत्तराखंड के लक्ष्य रायचंदानी को उपकप्तान बनाया गया है। यशबर्धन चौहान इस टीम की कप्तानी करेंगे।
पहला चार दिवसीय मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में खेला जाएगा। दूसरा मैच 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में होगा।
टीम में मिली बड़ी जिम्मेदारी पर क्या बोले लक्ष्य?
कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने पर लक्ष्य रायचंदानी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस बारे में पहले नहीं सोचा था और अब तक मिले मौकों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान दिया।
लक्ष्य ने कहा कि इस खबर से उनके माता-पिता और परिवार के लोग काफी खुश हैं। उन्होंने इसे अपने लिए एक अच्छा अवसर बताया और कहा कि वह इस मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
लक्ष्य ने अपनी सफलता में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के योगदान को भी अहम बताया।






