Election Talks

भाजपा के रोड शो पर ललित जोशी का कटाक्ष, हल्द्वानी के नहीं बाहर के लोग जुटाए गए थे

Ad

हल्द्वानी: आगामी नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर भाजपा का रोड शो विवादों में घिर गया है। मेयर पद के प्रत्याशी ललित जोशी ने इस रोड शो को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी संभावित हार से इतनी भयभीत है कि उसने भीड़ जुटाने के लिए बाहरी क्षेत्रों से लोगों को बसों में भरकर लाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद हल्द्वानी की जनता में उत्साह नहीं दिखा।

ADVERTISEMENTS Ad

ललित जोशी ने कहा कि जिस हल्द्वानी की जनता को भाजपा से जुड़ने और समर्थन देने के लिए आकर्षित करना था, वह इस रोड शो से दूर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को स्टार प्रचारक के तौर पर लाया गया, लेकिन उन्हें यह एहसास ही नहीं हुआ कि जो भीड़ उनके सामने है, वह हल्द्वानी की नहीं, बल्कि कालाढूंगी, लालकुआं, गौलापार, नैनीताल, भीमताल और कोटाबाग जैसे क्षेत्रों से जुटाई गई है।

ललित जोशी ने कहा कि रोड शो के दौरान भाजपा नेताओं के चेहरों पर आत्मविश्वास की कमी और हार का डर साफ नजर आ रहा था। कई बड़े नेता कार्यक्रम से दूरी बनाए रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा अब विकास के मुद्दों पर बात करने के बजाय जाति और धर्म की राजनीति का सहारा ले रही है।

जोशी ने भाजपा पर विकास के मुद्दों को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, रोड शो के दौरान महंगाई, बेरोजगारी और शहर के विकास पर कोई बात नहीं की गई। मुख्यमंत्री के सामने शहर की टूटी सड़कों और गंदगी से भरी नालियां थीं, लेकिन उन्होंने इन पर ध्यान नहीं दिया। जनता अब जुमलों से थक चुकी है और वास्तविक बदलाव चाहती है।

जोशी ने यह भी दावा किया कि भाजपा का यह रोड शो पूरी तरह असफल रहा। उन्होंने कहा, भाजपा का विकास का वादा केवल कागजों और मंचों तक सीमित है। हल्द्वानी की जनता अब इन जुमलों में फंसने वाली नहीं है। इस बार जनता ने बदलाव का मन बना लिया है, और भाजपा का यह रोड शो उनकी हार का संकेत दे रहा है।

ललित जोशी ने जनता से अपील की कि वे इस चुनाव में केवल उन प्रत्याशियों को चुनें जो विकास, रोजगार और शहर की बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध हों। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की जनता अब समझ चुकी है कि उसे विकास चाहिए, न कि राजनीति और जुमले। जनता का मूड इस बार बदलाव की ओर इशारा कर रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top