Nainital-Haldwani News

अब लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट पहुंचे दिल्ली, मंत्री बनाए जाने की अटकलें तेज़!

लालकुआं: इस वक्त की बड़ी और अहम खबर फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी के खेमे से आ रही है। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस बार लालकुआं से विधायकी का चुनाव जीते डॉ मोहन सिंह बिष्ट को दिल्ली बुलाया है। कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि शायद मोहन सिंह बिष्ट को हरीश रावत को हराने के एवज में मंत्रालय के रूप में इनाम मिल जाए।

गौरतलब है कि लालकुआं से भाजपा ने मोहन सिंह बिष्ट जबकि कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को मैदान पर उतारा था। लड़ाई मुश्किल इसलिए भी थी क्योंकि भाजपा से बागी हुए पवन चौहान और कांग्रेस से बागी हुईं संध्या डालाकोटी ने भी चुनावी ताल ठोकी थी। लेकिन भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने 17000 से भी अधिक वोटों से चुनाव जीतकर ये साबित कर दिया कि उनकी टक्कर में कोई नहीं था।

प्रदेश में भाजपा को 47 सीटों के साथ बहुमत मिला है। हाईकमान मुख्यमंत्री की खोज में निकल पड़ी है। इसी कड़ी में कई नेताओं, सांसदों व विधायकों का दिल्ली जाना रोज के रोज लगा हुआ है। अब लालकुआं से विधायक मोहन सिंह बिष्ट दिल्ली पहुंचे हैं। बता दें कि विधायक डॉ मोहन बिष्ट को मंत्री बनाए जाने की मांग भी तेजी से उठ रही है।

लोगों का कहना है कि हरीश रावत को करारी शिकस्त देने वाले पढ़े लिखे और युवा डॉ मोहन बिष्ट को सरकार में जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। बता दें कि अब मंगलवार को विधायक डॉ मोहन बिष्ट ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट सहित पार्टी के कई नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ जीत की खुशियां भी साझा की होंगी।

To Top