Election Talks

नामांकन का आखिरी दिन…भाजपा ने अबतक एक सीट पर घोषित नहीं किया है अपना उम्मीदवार

देहरादून: प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए शुक्रवार यानी आज नामांकन की आखिरी तिथि है। बता दें कि भाजपा ने अभी तक उन 69 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। हालांकि एक सीट पर अभी तक चुनावी चेहरा सामने नहीं रखा है। भाजपा ने डोईवाला सीट से किसी को मैदान पर नहीं उतारा है। भाजपा शुक्रवार को प्रत्याशी घोषित कर सकती है।

गौरतलब है कि बीते दिनों भाजपा ने 10 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। जिसमें उन्होंने हल्द्वानी से जोगिंदर पाल सिंह रौतेला को टिकट दिया था। इस सूची में कुमाऊं के दो सिटिंग विधायकों का टिकट काटा गया था। जिसमें रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल और लालकुआं के विधायक नवीन दुमका का नाम शामिल है। अब बीते दिन कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री किशोर उपाध्याय भी भाजपा में शामिल हो गए। जिसके बाद भाजपा ने उन्हें टिहरी से मैदान में उतारा है। इसके बाद केवल एक डोईवाला सीट बाकी रह गई है, जिस पर भाजपा ने अभी तक किसी भी प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया है। बता दें इस सीट से मौजूदा विधायक त्रिवेंद्र सिंह रावत हैं।

वहीं कांग्रेस में स्थिति कुछ अलग है। कांग्रेस द्वारा जारी की गई प्रत्याशियों की सूची से जब लालकुआं, कालाढूंगी सीट पर असंतोष बढ़ा तो पार्टी को प्रत्याशियों में फेरबदल करना पड़ा। इसी कड़ी में पार्टी ने अब रामनगर से महेंद्र पाल, सल्ट से रणजीत रावत, कालाढूंगी से महेश शर्मा और लालकुआं से हरीश रावत को टिकट दिया है। बीते दिन टिहरी से भाजपा विधायक धन सिंह नेगी भी कांग्रेस में शामिल हो गए। यहां से कांग्रेस ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है।

To Top