Politics

उत्तराखंड की 5 लोकसभा सीटों पर भाजपा के कई मंत्रियों और विधायकों ने भी ठोकी दावेदारी

Ad

Loksabha Election 2024: Uttarakhand Loksabha Election Update:

ADVERTISEMENTS Ad

2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज़ होती नज़र आ रही हैं। एक तरफ विपक्ष पूरी जान लगाकर सीट बंटवारे और अपने सुझाए मुद्दों से जनता को जोड़ने का प्रयास कर रहा है तो भाजपा इस लोकसभा चुनाव में 400 पार का आंकड़ा प्राप्त करने की हुंकार भर रही है। ऐसे में बढ़ती चर्चाओं और प्रत्याशियों के चयन को लेकर हर राज्य सक्रिय है और अपने श्रेष्ठ प्रत्याशी को मैदान में उतारने की तैयारी में है।

देवभूमि उत्तराखंड में भी लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व को उनपर विश्वास दिखाने का निवेदन किया है। आपको बता दें कि उत्तराखंड की पाँचों लोकसभा सीटों पर भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में विजय प्राप्त की थी। जनता के बीच भाजपा की बढ़ती विश्वसनीयता और विकास कार्यों के धरातल पर नज़र आने के बाद उत्तराखंड की 5 लोकसभा सीटों पर 55 उम्मीदवारों का नाम शीर्ष नेतृत्व को भेजा गया है।

इन 55 उम्मीदवारों में राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक, वर्त्तमान सांसद और पूर्व विधायक भी शामिल हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नैनीताल-ऊधमसिंहनगर लोकसभा सीट पर सांसद अजय भट्ट, राजेश शुक्ला, अरविंद पांडेय, बलराज पासी, राजेंद्र बिष्ट, दीप कोश्यारी, दान सिंह रावत समेत कुछ और नेता दावेदारी कर रहे हैं। गढ़वाल लोकसभा सीट पर वर्त्तमान सांसद तीरथ सिंह रावत के अलावा अनिल बलूनी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, दीप्ति रावत, आशा नौटियाल और अजेंद्र अजय के नाम प्रमुख हैं। टिहरी लोकसभा सीट पर महारानी राज्य लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पार्टी विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, ज्योति प्रसाद गैरौला, कुलदीप कुमार, नेहा जोशी, ऋषिराज डबराल, कुंवर जपेंद्र,लाखी राम जोशी, मनवीर चौहान, रविंद्र जुगरान का नाम सामने आ रहा है। हरिद्वार लोकसभा सीट से सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा त्रिवेंद्र सिंह रावत, मदन कौशिक, स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, श्यामवीर सिंह सौनी, किरण, यतींद्रानंद गिरी समेत कई दूसरे नेता दावेदारी कर रहे हैं। पिथौरागढ़-अल्मोड़ा लोकसभा सीट पर सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गोपाल राम टम्टा, मीना गंगोला, फकीर राम, समीर आर्य, सज्जन लाल टम्टा लोकसभा टिकट के लिए शीर्ष नेतृत्व से आस लगाए हुए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की उपस्थिति में चुनाव संचालन समिति की बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा लोकसभा चुनाव प्रत्याशियों के नामों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा सीटों के लिए न्यूनतम पांच और अधिकतम नौ नामों के पैनल को अंतिम रूप दिया गया है। पैनल बनाने के बाद राज्य की पांचों सीटों पर कुल 55 नामों को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जा रहा है। चुनाव समिति की बैठक के बाद केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए नामों पर अंतिम निर्णय केंद्रीय पार्लियामेंट बोर्ड पर छोड़ दिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top