Nainital-Haldwani News

बाल-बाल बची कई जिंदगियां! नैनीताल रोड पर अचानक गिरे पहाड़ के पत्थर

Ad

Nainital | BhowaliNainitalRoad |UttarakhandWeather : बारिश के बीच नैनीताल-भवाली मार्ग पर एक बार फिर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने की घटना सामने आई है। शनिवार दोपहर पाइंस क्षेत्र में चट्टान दरकने से सड़क पर भारी मलबा आ गया…जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान भवाली-नैनीताल रोड के पाइंस क्षेत्र में अचानक पहाड़ी का हिस्सा टूट गया। इसके बाद बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरे। इस दौरान सड़क से गुजर रहे वाहन इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

बोल्डर गिरने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से मलबा व पत्थरों को हटाकर यातायात दोबारा शुरू कराया।

पाइंस क्षेत्र में पहले भी हो चुकी है भूस्खलन की घटना

पाइंस क्षेत्र की पहाड़ी पहले भी खतरे का कारण बन चुकी है। करीब चार साल पहले यहां पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया था…जिसके कारण लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद भी पहाड़ी का झुका हुआ हिस्सा खतरा बना हुआ है। हल्की बारिश में भी यहां से पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने अब इस संवेदनशील क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा उपाय करने की चुनौती है…ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top