Sports News

आईपीएल 2025: राजस्थान रॉयल्स की हार के बाद मचा बवाल, मैच फिक्सिंग के लगाए गए आरोप

Ad

IPL: Rajasthan Royals: Fixing: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का एक मुकाबला अब विवादों में घिर गया है। राजस्थान रॉयल्स की लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रोमांचक हार के बाद मैच फिक्सिंग की अटकलें तेज हो गई हैं। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी के कन्वेनर जयदीप बिहानी ने इस मैच को संदिग्ध बताया है और बीसीसीआई से इसकी जांच की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad

मैच की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए राजस्थान के सामने 181 रन का लक्ष्य रखा था। राजस्थान की स्थिति काफी मजबूत थी—आखिरी ओवर में सिर्फ 9 रन की जरूरत थी और टीम के 6 विकेट भी बचे थे। लेकिन आवेश खान की शानदार गेंदबाज़ी ने पासा पलट दिया और राजस्थान सिर्फ 2 रन से मैच हार गया। इसी अप्रत्याशित हार के बाद सवाल उठने लगे हैं।

जयदीप बिहानी ने टीम के होम ग्राउंड पर इस तरह की हार को संदेहास्पद करार देते हुए कहा कि यह सामान्य नहीं लग रहा। उन्होंने 2013 का ज़िक्र करते हुए याद दिलाया कि तब भी राजस्थान के कुछ खिलाड़ियों पर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे। इसके साथ ही उन्होंने टीम के पूर्व मालिक राज कुंद्रा पर भी निशाना साधा, जिन्हें सट्टेबाज़ी के मामले में दोषी पाया गया था और जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स को दो सीज़न (2016 और 2017) के लिए प्रतिबंध झेलना पड़ा था।

बिहानी का आरोप यह भी है कि इस बार राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को आईपीएल की मेजबानी से जानबूझकर दूर रखा गया। उनका कहना है कि सवाई मानसिंह स्टेडियम को लेकर एसोसिएशन के पास MOU नहीं होने का बहाना बनाया गया, जबकि स्पोर्ट्स काउंसिल को हर मैच का भुगतान मिल रहा है। उन्होंने इस बात को भी एक साजिश करार दिया।

राजस्थान रॉयल्स की बात करें तो टीम का प्रदर्शन इस सीजन में काफी निराशाजनक रहा है। अब तक खेले गए 8 मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल हुई है और टीम पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी राजस्थान एक जीता हुआ मैच आखिरी ओवर में हार चुकी है। अब टीम का अगला मुकाबला 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से है, और उस पर काफी दबाव होगा। फिलहाल, इस हार को लेकर सवाल बढ़ते जा रहे हैं और अब निगाहें बीसीसीआई पर टिकी हैं कि वह इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top