
MirabaiChanu | CommonwealthGames |Weightlifting : भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया। इस जीत के साथ भारत का गोल्ड मेडल खाता भी खुल गया। मीराबाई ने प्रतियोगिता में रिकॉर्ड प्रदर्शन करते हुए कुल 190 किलोग्राम वजन उठाया।
मीराबाई ने स्नैच में 85 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रमंडल और राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाकर एक और खेल रिकॉर्ड अपने नाम किया। दोनों प्रयासों के साथ उन्होंने कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
यह राष्ट्रमंडल खेलों में मीराबाई चानू का लगातार तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले भी वह 2018 और 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड जीत चुकी हैं। वहीं 2014 के ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने रजत पदक हासिल किया था।
जीत के बाद क्या बोलीं मीराबाई?
स्वर्ण पदक जीतने के बाद मीराबाई ने कहा कि भारत के लिए एक और गोल्ड जीतकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि उन पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव था…लेकिन वह भारतीय टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में अपना चौथा पदक जीतना उनके लिए गर्व की बात है।
पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीराबाई चानू को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश का नाम रोशन किया है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और सांसद अनुराग ठाकुर ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे भारतीय खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।






