
MS Dhoni Retirement : Chennai Super Kings : IPL 2027 : महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता अब एक नए दौर में पहुंच गया है। आईपीएल में लंबे समय तक विकेट के पीछे और मैदान पर टीम की कमान संभालने वाले माही अब खिलाड़ी की भूमिका में नजर नहीं आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर बनाने का फैसला किया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ धोनी IPL 2027 से टीम के युवा खिलाड़ियों को अपना अनुभव साझा करते नजर आएंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स ने साफ किया है कि धोनी का टीम से जुड़ाव आगे भी बना रहेगा। फ्रेंचाइजी की सह-मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा कि धोनी का अनुभव और क्रिकेट को समझने का तरीका टीम के लिए बेहद खास है। मेंटर के तौर पर उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद करेगी।
रूपा गुरुनाथ ने यह भी कहा कि प्रशंसकों को मैदान पर पीली जर्सी में धोनी को खेलते देखने की कमी जरूर महसूस होगी….लेकिन टीम के साथ उनका सफर जारी रहेगा।
CSK के सह-मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी को फ्रेंचाइजी की पहचान का अहम हिस्सा बताया। उनका कहना है कि चेन्नई सुपर किंग्स हमेशा धोनी का घर रहेगा।
महेंद्र सिंह धोनी ने CSK को अपनी कप्तानी में पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी जीती। धोनी ने चेन्नई की ओर से कुल 272 मुकाबले खेले और 5,314 रन बनाए। रन बनाने के मामले में वह फ्रेंचाइजी के दूसरे सबसे सफल खिलाड़ी हैं।
उनकी कप्तानी की सबसे बड़ी पहचान मुश्किल हालात में शांत रहकर फैसले लेना और टीम को दबाव से बाहर निकालना रही है। यही अनुभव अब उन्हें मेंटर की भूमिका में काम आएगा।
पिछले कुछ वर्षों में धोनी को लगातार चोटों का सामना करना पड़ा। इसके चलते आईपीएल में उनकी भागीदारी भी प्रभावित हुई। 45 साल के धोनी के भविष्य को लेकर काफी समय से अटकलें चल रही थीं। अब खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल करियर को विराम देने के साथ उनकी नई जिम्मेदारी सामने आई है।
धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि आईपीएल में वह चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े रहे।
मेंटर के तौर पर धोनी टीम की रणनीति, मैच की परिस्थितियों को समझने और दबाव में सही निर्णय लेने जैसे पहलुओं पर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। खासकर युवा खिलाड़ियों को उनके अनुभव से सीखने का मौका मिलेगा।
इस तरह धोनी का CSK से नाता खत्म नहीं हो रहा….बल्कि उनकी भूमिका बदल रही है। अब IPL 2027 में प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि मेंटर के रूप में माही चेन्नई की टीम को किस तरह दिशा देते हैं।





