Dehradun News

मसूरी जाने वाले पर्यटक ध्यान दें, ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने इजाद किया फॉर्मूला

Ad

मसूरी: पहाड़ों की रानी कहे जाने वाले मसूरी को पर्यटन की दृष्टि से काफी मुफीद माना जाता है। अन्य राज्यों से मसूरी घूमने आने वालों की संख्या वीकेंड पर काफी ज्यादा बढ़ जाती है। यहां होटलों में ठहरने तक की जगह नहीं रहती। साथ ही सड़कों पर भी जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में जनपद पुलिस ने अब नव वर्ष और क्रिसमस पर बनाए यातायात प्लान को ही नियमित करने का मन बना लिया है।

ADVERTISEMENTS Ad

बता दें कि पर्यटकों के वाहन शहर से होकर गुजरने के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में इस बार क्रिसमस और नववर्ष पर पुलिस ने एक नया प्लान बनाया था। जिसके अनुसार हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को कैलाश अस्पताल से यू-टर्न होकर 6 नंबर पुलिया, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क, कृषाली चौक, साईं मंदिर तिराहा, राजपुर, ओल्ड मसूरी रोड, कुठाल गेट से मसूरी भेजा गया था।

इसके अलावा रुड़की और सहारनपुर से जो गाड़ी आ रही थी, उन्हें आईएसबीटी, शिमला बायपास चौक, सेंट ज्यूड्स चौक, बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट चौक, पोस्ट ऑफिस तिराहा, सीएसडी तिराहा, सर्किट हाउस चौकी से जोहड़ी गांव तिराहा होते हुए मसूरी भेजा जा रहा था। जबकि वापसी में सभी वाहनों को मसूरी, कुठाल गेट, ओल्ड राजपुर रोड, साईं मंदिर तिराहा, कृषाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, लाडपुर 6 नंबर पुलिया, जोगीवाला से हरिद्वार ऋषिकेश और हरिद्वार रोड से यू टर्न लेकर रुड़की और सहारनपुर के लिए निकाला जा रहा था।

एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बताया कि जो प्लान क्रिसमस और नववर्ष पर बनाया था, वह सफल रहा। इस प्लान की सफलता को देखते हुए अब इसे नियमित करने का सोचा जा रहा है। क्योंकि अभी चुनाव चल रहे हैं इसलिए अभी इसे लागू नहीं किया जाएगा। चुनावों के बाद ही प्लान लागू किया जाएगा। ऐसे में मसूरी जाने वाले और यहां से वापस लौटने वाले गाड़ियों को शहर में दाखिल नहीं होना पड़ेगा। वाहन बाहर से बाहर ही जा सकेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top