Nainital-Haldwani News

नैनीताल: शराब पीकर झील के किनारे बैठे पालिका कर्मचारी की झील में गिरने से मौत

नैनीताल: आज सुबह शहर के मल्लीताल इलाके में पालिका कर्मचारी नैनी झील में गिर गया। जब आसपास के लोगों की नजर उसपर पड़ी तो सबने हल्ला मचा दिया। हल्ला सुनने के बाद नाव चालकों ने तुरंत एक्शन लेते हुए झील में से उसे निकालने की कवायद शुरू कर दी। चालकों की मदद से उसे अस्पताल तक ले जाया तो गया लेकिन डॉक्टरों ने कर्मी को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार मृतक शराब के नशे में था।

दरअसल शुक्रवार की सुबह नैनीताल स्थित मल्लीताल बैंड स्टैंड के पास से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां झील में डूबने से पालिका कर्मी सूखाताल निवासी 54 वर्षी राजेश की मौत हो गई है। जानकारी मिली है कि राजेश शराब पीकर झील के किनारे बैठा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा। जिस वजह से वह अनियंत्रित होकर नैनीझील में जा गिरा। इस घटना के वक्त वहीं आसपास मौजूद रहे कुछ लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

जिसके बाद नाव चालक और कुछ स्थानीय युवकों की सहायता से उसे झील से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक वह बेहोश हो चुका था। लोगों ने आनन फानन में उसके पेट से पानी निकालने की कोशिश की। इतनी देर में सूचना मिलने के चलते पुलिस भी वहां आ गई थी। जिसके बाद कर्मी को बीडी पांडे अस्पताल लाया गया। अस्पताल ड्यूटी पर तैनात डॉ. एस धूलिया ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल प्रीतम सिंह ने जानकारी दी कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है।

To Top