Nainital-Haldwani News

अगर वोटर लिस्ट से छूट गया है नाम, नैनीताल जिले में विशेष अभियान शुरू

SIR
Ad

Voter List | Nainital News | SIR Campaign: विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है…तो अब उसे नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। निर्वाचन विभाग ने ऐसे लोगों को चिन्हित कर मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नैनीताल जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ, बीएजी सदस्य और बीएलए-2 वर्तमान मतदाता सूची का पिछली सूची से मिलान करेंगे। इस दौरान ऐसे पात्र लोगों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम किसी वजह से मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है।

इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इस दौरान यह जांच की जाएगी कि संबंधित व्यक्ति दिए गए पते पर रहता है या नहीं और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज क्यों नहीं हो पाया।

सत्यापन में अगर व्यक्ति पात्र मतदाता पाया जाता है और उसका नाम गलती से छूट गया है…तो फॉर्म-6 के जरिए नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित दस्तावेज भी लिए जाएंगे।

इस अभियान में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के साथ दूसरे पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। निर्वाचन विभाग का मकसद है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में नैनीताल जिले में कुल 6,97,547 मतदाता दर्ज हैं। विभाग का लक्ष्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची केवल नामों का रिकॉर्ड नहीं है….बल्कि यह नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ी है। इसलिए पात्र लोगों के नाम जोड़ना और गलतियों को दूर करना सभी की जिम्मेदारी है।

Ad
To Top