National News

पीएम मोदी ने कर डाली राष्ट्रपति पुतिन के साथ ये बड़ी डील

Ad

नई दिल्ली। अमेरिकी चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए भारत ने आखिरकार आज रूस के साथ एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की डील पर साइन कर लिए हैं। शुक्रवार को साझा प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस का ऐलान किया। इस डील के तहत भारत रूस से एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम के 5 सेट खरीदेगा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय वार्ता के बाद नई दिल्ली में इस डील पर हस्ताक्षर किए गए। भारत और रूस के बीच कुल 8 समझौते हुए हैं। दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार को ही हैदराबाद हाउस में डेलिगेशन लेवल की बातचीत हुई।

ADVERTISEMENTS Ad

एस- 400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम के अलावा भारत और रूस के बीच अंतरिक्ष में भी सहयोग को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। इसके तहत रूस के साइबेरियाई शहर नोवोसिबिर्स्क के पास एक भारतीय स्टेशन बनाया जाएगा जिसके सहारे निगरानी का काम किया जाएगा।

साझा प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम एक ऐसे देश के राष्ट्रपति के रूप में आपका स्वागत कर रहे हैं जिसके साथ हमारे अद्भुत संबंध हैं। पुतिन द्वारा सोची  में आयोजित सम्मेलन से दोनों देशों के बीच रिश्ते मजबूत हुए।पीएम मोदी ने कहा कि रूस के साथ अपने संबंधों को भारत सर्वोच्च प्राथमिकता देता है, तेजी से बदलती दुनिया में हमारे संबंध काफी अहम हैं। वैश्विक मामलों पर हमारे सहयोग को नए मकसद मिले हैं। पीएम बोले कि दोनों देशों के बीच नेचरल रिसोर्स, एचआरडी, सौर ऊर्जा, टेक्नॉलोजी, सागर से लेकर अंतरिक्ष तक आज कई अहम समझौते हुए हैं।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साझा प्रेस वार्ता में कहा कि आज दोनों देशों के बीच आपसी और वैश्विक हितों को ध्यान में रखते हुए बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि दोनों ही देश सुरक्षा-रक्षा-व्यापार के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। पुतिन ने ऐलान किया कि दोनों देशों ने लक्ष्य रखा है कि 2025 तक दोनों देशों के बीच में 30 बिलियन डॉलर तक व्यापारिक संबंध होंगे।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सरकारी आवास बृहस्पतिवार रात को रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के लिए डिनर की मेजबानी की। वन-ऑन-वन डिनर के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग और रणनीतिक मुद्दों समेत कई मसलों पर चर्चा की।

एयरपोर्ट से राष्ट्रपति पुतिन सीधे प्रधानमंत्री आवास पर पहुंचे जहां पीएम नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि स्वागत से ठीक पहले पीएम ने रूसी भाषा में ट्वीट करते हुए पुतिन का स्वागत किया। इससे पहले भारत पहुंचने पर राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top