Rudraprayag News

एक गलती ने ले ली जान…केदारनाथ में शॉर्टकट बना जानलेवा!

Ad

रुद्रप्रयाग: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से केदारनाथ यात्रा पर आए 6 युवकों की लापरवाही उन्हें भारी पड़ गई। बाबा केदारनाथ के दर्शन के बाद ये सभी युवक मुख्य रास्ते की बजाय शॉर्टकट मार्ग से गरुड़चट्टी की ओर जाने लगे। लेकिन रास्ते में नदी पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया…जबकि बाकी के 5 युवक रास्ता भटककर फंस गए। राहत की बात ये रही कि एसडीआरएफ टीम ने समय पर पहुंचकर पांचों युवकों को सुरक्षित निकाल लिया।

ADVERTISEMENTS Ad

घटना मंगलवार रात करीब 10:50 बजे की है जब जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने एसडीआरएफ को सूचना दी कि लिनचोली के पास नदी पार करने के चक्कर में कुछ श्रद्धालु फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।

पता चला कि सभी युवक अलीगढ़ के रहने वाले हैं और दर्शन के बाद बिना गाइड या स्थानीय जानकारी के शॉर्टकट रास्ते से निकल पड़े। जब वे रामबाड़ा क्षेत्र के पास नदी पार कर रहे थे तभी 22 वर्षीय राहुल नदी के तेज बहाव में बह गया और बाकी के 5 लोग डर की वजह से वहीं फंसे रह गए।

हालात मुश्किल थे…रात का समय, गहरा अंधेरा और तेज बहाव। बावजूद इसके एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मिलकर गरुड़चट्टी की ओर से दुर्गम रास्तों से होकर युवकों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित मुख्य मार्ग तक लाया।

सुरक्षित निकाले गए युवकों की पहचान:

विष्णु चौधरी (20 वर्ष)

कुनाल (17 वर्ष)

शिभव शर्मा (21 वर्ष)

महेश चौधरी (19 वर्ष)

शिभव कुमार (20 वर्ष)

सभी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। इन युवकों को बाद में पुलिस चौकी लिनचोली को सुपुर्द कर दिया गया।

फिलहाल बह गए युवक राहुल की तलाश जारी है, लेकिन तेज बहाव और मौसम की चुनौतियों के चलते रेस्क्यू टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top