
India vs Pakistan: Asia Cup: Under-19 : ACC U19 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारतीय टीम को 3 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए थे, लेकिन पाकिस्तान ने हमजा जहूर की शानदार नाबाद शतकीय पारी के दम पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

अर्जुन राजपूत का शतक, भारत ने बनाए 208 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय U19 टीम 46.3 ओवर में 208 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अर्जुन राजपूत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 गेंदों पर 107 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
पाकिस्तान के लिए रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक ने तीन-तीन विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया।
61 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई थी
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में पाकिस्तान को लगातार झटके दिए और महज 15 ओवर के भीतर उसकी आधी टीम 61 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई।
इसके बाद हमजा जहूर और हसनैन अब्बास डार ने पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 107 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पाकिस्तान को मुकाबले में वापस ला दिया।
हमजा जहूर ने जड़ा नाबाद शतक
विकेटकीपर-बल्लेबाज हमजा जहूर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 100 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए। हमजा ने चौका लगाकर पाकिस्तान को जीत दिलाई। पाकिस्तान ने भारत के 208 रन के लक्ष्य को 3 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। इस मैच ने धुरंधर फिल्म की भी याद दिला दी हालांकि उसमें हमजा भारत के लिए काम कर रहा था लेकिन इस मैच में हमजा ने पाकिस्तान को मुकाबला जीता दिया।





