Dehradun News

आ गया पीसीएस 2024 का रिजल्ट, जानिए कौन बना उत्तराखंड का नया डिप्टी कलेक्टर

Ad

UKPSC Result 2024 | Uttarakhand PCS | Jasmeet Kaur | Deputy Collector | DSP Recruitment | Assistant Municipal Commissioner : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो गया है।

आयोग ने मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सा परीक्षण के बाद विभिन्न विभागों के लिए अंतिम चयन सूची जारी की है। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट और पद वरीयता के आधार पर नियुक्ति के लिए चुना गया है।

इस बार डिप्टी कलेक्टर के 9 पदों पर चयन हुआ है। इनमें जसमीत कौर ने पहला स्थान प्राप्त कर परीक्षा में टॉप किया है। उनके साथ वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का भी चयन हुआ है।

पुलिस विभाग में डीएसपी के 10 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं जिला कमांडेंट होमगार्ड के 5 पदों और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के एक पद पर भी नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों का चयन हुआ है।

कराधान विभाग में सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 और राज्य कर अधिकारी के 53 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ अधिकारी और विधि अधिकारी के कुल 58 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

इसके अलावा वित्त अधिकारी के 14 पद, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के 6 पद, सहायक नगर आयुक्त के 7 पद, जिला पंचायत राज अधिकारी, कार्य अधिकारी जिला पंचायत और परिवीक्षा अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

आयोग के अनुसार सभी चयन प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई है। अब चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

उत्तराखंड की इस प्रतिष्ठित परीक्षा के माध्यम से प्रशासनिक, राजस्व, शिक्षा, कराधान, परिवहन और अन्य विभागों के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है। परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। वहीं अन्य अभ्यर्थी आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top