Almora News

हवा में उड़ती Electric Car देख लोग रह गए हैरान, उत्तराखंड के युवा ने किया बड़ा आविष्कार

Ad

RaviTamta | MadeInIndia | FlyingVehicle : Almora | Uttarakhand : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के युवा नवप्रवर्तक रवि टम्टा ने स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपनी कंपनी हपिडा स्काई प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से विकसित व्यक्तिगत उड़ान वाहन ‘हपिडा स्काईनेक्स’ का सफल परीक्षण किया। मुख्यालय स्थित आर्मी हेलीपैड में हुए इस परीक्षण के दौरान यह वाहन सफलतापूर्वक जमीन से हवा में उठा और करीब एक मिनट तक उड़ान भरता रहा। इस सफलता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

रवि टम्टा पिछले कई वर्षों से पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित सुरक्षित और इलेक्ट्रिक व्यक्तिगत हवाई वाहन विकसित करने के मिशन पर काम कर रहे थे। लगातार शोध, डिजाइन, परीक्षण और तकनीकी सुधार के बाद तैयार किए गए इस प्रोटोटाइप ने पहली सफल उड़ान के साथ यह साबित कर दिया कि यह परियोजना व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ सकती है।

यह वाहन पूरी तरह इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित है। इसका उद्देश्य भविष्य में लोगों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल हवाई यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में इसमें सुरक्षा और तकनीकी क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए कई चरणों में अतिरिक्त परीक्षण किए जाएंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तकनीक को बड़े स्तर पर विकसित किया गया तो इसका उपयोग शहरी क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक का दबाव कम करने, पर्वतीय और दुर्गम इलाकों तक कम समय में पहुंचने तथा आपदा और आपातकालीन राहत कार्यों में किया जा सकेगा। उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में ऐसी तकनीक भविष्य में काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

रवि टम्टा ने कहा कि उनका सपना भारत को व्यक्तिगत हवाई परिवहन तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। उनका लक्ष्य ऐसी तकनीक विकसित करना है…जो पूरी तरह भारतीय तकनीक पर आधारित हो और आम लोगों के लिए भी उपयोगी बन सके।

रवि टम्टा इससे पहले भी कई उपयोगी नवाचार कर चुके हैं। उन्होंने वन विभाग के लिए आधुनिक अग्निशमन उपकरण तैयार किए हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष स्मार्ट छड़ी सहित कई तकनीकी उपकरण भी विकसित किए हैं। उनके इन प्रयासों को पहले भी सराहना मिल चुकी है।

इस सफल उड़ान परीक्षण के बाद अल्मोड़ा के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। इसे प्रदेश ही नहीं…बल्कि देश के लिए भी एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है। माना जा रहा है कि यदि आगे के परीक्षण सफल रहते हैं तो भविष्य में भारत भी व्यक्तिगत हवाई परिवहन तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top