
Pithoragarh Landslide | Ghat Band | Traffic Restriction : राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट बैंड के पास पहाड़ी से लगातार बोल्डर और मलबा गिरने के कारण खतरा बढ़ गया है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकने का फैसला लिया है।
उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा ने घाट बैंड के पास शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
लगातार गिर रहे पत्थर और मलबा
प्रशासन के मुताबिक घाट बैंड क्षेत्र में दिन और रात पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिर रहा है। ऐसे में रात के समय इस मार्ग से गुजरना वाहन चालकों और यात्रियों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
एसडीएम ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए हैं कि शाम 6 बजे के बाद मार्ग पर किसी भी वाहन को आगे न जाने दिया जाए। यह प्रतिबंध तब तक जारी रहेगा…जब तक क्षेत्र में हालात सामान्य नहीं हो जाते।
दिन में मशीनें हटाएंगी मलबा
दिन के समय वाहनों की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए कार्यदायी संस्था की मशीनें मौके पर तैनात की गई हैं। पहाड़ी से मलबा या पत्थर गिरने के बाद मशीनों की मदद से उसे हटाकर वाहनों की आवाजाही बहाल कराई जा रही है।
प्रशासन की वाहन चालकों से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित अवधि में घाट बैंड वाले मार्ग पर आवागमन न करें।
प्रशासन ने कहा है कि यात्री और वाहन चालक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जारी निर्देशों का पालन करें। हालात सामान्य होने तक रात में यातायात प्रतिबंधित रहेगा।






