Sports News

हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जाएगा खेल रत्न अवार्ड, PM मोदी ने किया ऐलान

हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जाएगा खेल रत्न अवार्ड, PM मोदी ने किया ऐलान

नई दिल्ली: इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। खेल रत्न अवार्ड का नाम अब हॉकी के महान खिलाड़ी रहे मेजर ध्यानचंद के नाम पर रख दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इस बात की घोषणा की है। बता दें कि अभी तक इसे राजीव गांधी खेल रत्न के नाम से जाना जाता था।

दरअसल टोक्यो ओलंपिक में भारत के शानदार सफर और हॉकी में दशकों बाद मेडल जीतने के बाद पूरा देश खुशी से झूम रहा है। जश्न के बीच ही पीएम मोदी ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि देशवासियों के आग्रह के बाद खेल रत्न अवार्ड का नाम बदलने का निर्णय लिया है। यह अवॉर्ड देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान है। पहली बार यह पुरस्कार 1991-92 में दिया गया था।

पीएम ने ट्विटर पर लिखा, ‘ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रयासों से हम सभी अभिभूत हैं। विशेषकर हॉकी में हमारे बेटे-बेटियों ने जो इच्छाशक्ति दिखाई है, जीत के प्रति जो ललक दिखाई है, वो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।’

इसके बाद ही उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है। जय हिंद!’ 

To Top