Election Talks

पीएम मोदी 12 फरवरी को रुद्रपुर में करेंगे रैली, इस बार ठुकराल नहीं शिव अरोड़ा के लिए मांगेंगे वोट

रुद्रपुर: जनपद नैनीताल के हल्द्वानी के बाद प्रधानमंत्री मोदी अब उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रैली करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को रुद्रपुर में जनता को संबोधित करेंगे। इस रैली के लिए तमाम तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। भाजपा ने तमाम कार्यकर्ताओं में जिम्मेदारियों को भी बांट दिया है।

गौरतलब है कि रुद्रपुर सीट पर सियासी घमासान जारी है। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने सिटिंग विधायक राजकुमार ठुकराल का टिकट काटा है। भाजपा ने रुद्रपुर से जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा को मैदान पर उतारा है। राजकुमार ठुकराल निर्दलीय ही चुनावी ताल ठोक चुके हैं।

इसमें कोई दोराय नहीं कि दो बार से विधायक बनते आ रहे राजकुमार ठुकराल के पास अच्छा खासा वोट बैंक है। ऐसे में वह भाजपा के लिए बड़ी मुश्किल पैदा कर सकते हैं। इसी कड़ी में अब भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में खुद प्रधानमंत्री मोदी रुद्रपुर सीट पर कमान संभालने के लिए आ रहे हैं।

आपको याद दिला दें कि 5 साल पहले हुए विधानसभा चुनावों में भी पीएम मोदी ने रुद्रपुर के इसी मैदान पर रैली की थी। जिसका असर विभिन्न विधानसभाओं पर स्पष्ट रूप से देखा गया था। हालांकि तब वह निवर्तमान विधायक और बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी राजकुमार ठुकराल के लिए वोट मांगने आए थे। लेकिन इस बार कहानी उल्टी है। इस बार वह राजकुमार ठुकराल के खिलाफ वोट मांगने आ रहे हैं।

जिला प्रभारी व प्रदेश मंत्री राजेंद्र बिष्ट ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे प्रधानमंत्री मोदी रुद्रपुर में जनता को संबोधित करेंगे। जिसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। बताया कि मोदी मैदान में करीब 70 हजार लोग मोदी के भाषण को सुन सकेंगे। उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी उधमसिंह नगर के नौ विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों का हौसला बढ़ाने के लिए रुद्रपुर आ रहे हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खटीमा विधानसभा सीट भी उधम सिंह नगर जिले में आती है।

To Top