
Kainchi Dham: Uttarakhand: Weekend: आगामी 10 और 11 अक्टूबर को वीकेंड के मद्देनजर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच सड़कों पर जाम की स्थिति से निपटने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं।
यातायात प्लान के तहत निर्धारित अवधि में विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही, डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था को नियंत्रित किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और भवाली व भीमताल घूमने आने वाले पर्यटकों को यातायात संबंधी परेशानियों से बचाना है।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
वीकेंड के दौरान भारी वाहनों के संचालन पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। जारी यातायात प्लान के अनुसार, सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोकने की व्यवस्था की गई है, ताकि पहाड़ी मार्गों पर यातायात का दबाव कम रखा जा सके। नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस के निर्देशों के अनुसार ही यात्रा करें। वीकेंड पर कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेने की सलाह दी गई है, जिससे अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।
इसके साथ ही नैनीताल और कैंची धाम में बढ़ते पर्यटक और श्रद्धालुओं के दबाव को देखते हुए प्रशासन वीकेंड और पर्यटन सीजन में बाहरी दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत हल्द्वानी के काठगोदाम से आगे पर्यटकों के दोपहिया वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे।पुलिस प्रशासन का मानना है कि भीड़ वाले दिनों में दोपहिया वाहनों को काठगोदाम में रोकने से वाहनों का दबाव कम किया जा सकता है। फिलहाल दोपहिया वाहनों पर रोक की व्यवस्था को वीकेंड और पीक सीजन में लागू करने की तैयारी है।



