Tehri News

गर्व की बात है, देवभूमि की प्रीति धनाई ने इंजीनियरिंग कॉलेज में टॉप कर जीता गोल्ड मेडल

गर्व की बात है, देवभूमि की प्रीति धनाई ने इंजीनियरिंग कॉलेज में टॉप कर जीता गोल्ड मेडल

टिहरी: देवभूमि की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा को प्रदर्शन में तब्दील कर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में अब टिहरी के रौलाकोट गांव की रहने वाली प्रीति धनाई ने अपने परिवार और जिले का मान बढ़ाया है। प्रीति ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित मोतीलाल नेहरू नेशनल इंस्टीट्यूट से एमटेक सिविल इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक हासिल किया है।

प्रीति धनाई प्रताप नगर ब्लॉक के रौलाकोट गांव की रहने वाली हैं। प्रीति मोतीलाल नेहरू नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलाहाबाद प्रयागराज से एमटेक सिविल इंजीनियरिंग कर रही हैं। बीते रोज कॉलेज में हुए दीक्षांत समारोह में प्रीति धनाई को अपनी सफलता के लिए सम्मान मिला है। दरअसल प्रीति ने एमटेक सिविल इंजीनियरिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

जिसके लिए बेटी को गोल्ड मेडल दिया गया है। प्रीति के पिता गजपाल सिंह धनाई गांव के पूर्व प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य रहे हैं। जबकि उनकी माता शैला देवी ग्रहणी हैं। बता दें कि प्रीति का परिवार चंबा में रहता है। बेटी की इस उपलब्धि से ना सिर्फ परिवारीजनों में बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों में जश्न का माहौल है। प्रीति और उनके परिवार को लगातार बधाइयों के संदेश मिल रहे हैं।

गौरतलब है कि प्रीति ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव रौलकोट से ही की है। जबकि माध्यमिक तक की शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर उनियालसारी चंबा और बीटेक की पढ़ाई उन्होंने टीएचडीसी हाइड्रो इंस्टिट्यूट बीपुरम से की है। इसके बाद प्रीति का चयन मोतीलाल नेहरू संस्था में एमटेक में हो गया था। जहां बेटी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।

To Top
Ad