Nainital-Haldwani News

PM मोदी के बाद प्रियंका गांधी कर सकती हैं हल्द्वानी में रैली!

हल्द्वानी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली के बाद सभी राजनीतिक पार्टियां उसका तोड़ तलाश रही हैं। इसी कड़ी में अब कांग्रेस ने अपनी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को मैदान में उतारने का मन बनाया है। प्रियंका गांधी आठ जनवरी को उत्तराखंड के दौरे पर रहने वाली हैं। माना जा रहा है कि वह हल्द्वानी में रैली कर सकती हैं। जिसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

उल्लेखनीय है कि विरोधी पार्टियां नहीं चाहती कि भाजपा के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में मोदी मैजिक चले। इसलिए हर पार्टी तैयारियों में जुटी हुई है। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव की बात करें तो उन्होंने यूपी से पहले ही ‘मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा दिया हुआ है। अब वह उत्तराखंड में भी इसी नारे को लाने की कोशिश कर रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रियंका गांधी कुमाऊ मंडल के हल्द्वानी, रुद्रपुर अथवा अल्मोड़ा में रैली कर सकती हैं। इसके लिए पार्टी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जल्द ही रैली का स्थान तय कर दिया जाएगा। इसे पीएम नरेन्द्र मोदी की हल्द्वानी में हुई रैली के जवाब के रूप में भी देखा जा रहा है। कांग्रेस हल्द्वानी के उसी मैदान में रैली करा सकती है, जहां प्रधानमंत्री की रैली हुई थी।

हालांकि अभी इस पर फैसला होना बाकी है। गौरतलब है कि उत्तराखंड कि महिला वोटरों को लुभाने के लिए प्रियंका गांधी अच्छी कोशिश हो सकती हैं। बता दें कि उत्तराखंड कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत प्रियंका गांधी को अल्मोड़ा व श्रीनगर आने का न्यौता पहले ही दे चुके हैं।

To Top