Dehradun News

दादी की हत्या कर बाहर से लगाया ताला! उत्तराखंड में यहां 65 वर्षीय महिला की मौत से मचा हड़कंप

Ad

Murder Case | Raivala News | Dehradun Crime: मोतीचूर रेलवे लाइन के पास भगत सिंह कॉलोनी में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। महिला अपनी छह साल की पोती के साथ किराये के कमरे में रह रही थीं। वारदात के बाद कमरे के बाहर ताला लगा मिला। महिला के चेहरे पर धारदार हथियार से चोट के निशान भी पाए गए हैं।

मृतका की पहचान खजानी देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला के बेटे संजय पुंडीर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

स्कूल से पोती को लेने नहीं पहुंचीं दादी

पुलिस के मुताबिक खजानी देवी अपनी छह वर्षीय पोती की पढ़ाई के लिए मोतीचूर में किराये के कमरे में रहती थीं। उनका बेटा संजय पुंडीर अपनी पत्नी के साथ रानीपोखरी के काटल गड़ूल गांव स्थित पैतृक घर में रहता है।

सोमवार सुबह खजानी देवी रोज की तरह अपनी पोती को स्कूल छोड़ने गई थीं। इसके बाद वह पड़ोस में आयोजित धार्मिक पूजा में शामिल हुईं और फिर अपने कमरे में लौट आईं।

स्कूल की छुट्टी के बाद जब खजानी देवी बच्ची को लेने नहीं पहुंचीं तो स्कूल प्रशासन ने उनके पड़ोस में रहने वाले दामाद पंकज थापा से संपर्क किया। पंकज बच्ची को लेकर खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे….लेकिन वहां बाहर से ताला लगा हुआ था। महिला का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।

कमरे पर ताला देख बच्ची को ले गए घर

काफी तलाश के बाद भी जब खजानी देवी का पता नहीं चला तो पंकज थापा बच्ची को अपने घर ले गए। शाम को उन्होंने दोबारा कमरे पर जाकर देखा….लेकिन ताला जस का तस लगा था। इसके बाद उन्होंने महिला के बेटे संजय पुंडीर को सूचना दी।

संजय मौके पर पहुंचे और कमरे का ताला तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में खजानी देवी मृत अवस्था में मिलीं। महिला के दाहिने गाल पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दिनचर्या की जानकारी रखने वाले पर शक

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि खजानी देवी की हत्या किसने और क्यों की। घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हमलावर महिला की दिनचर्या से परिचित था।

पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि पोती के स्कूल जाने के बाद महिला कमरे में अकेली रहती थीं और इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।

पोती की पढ़ाई के लिए मोतीचूर में रह रही थीं

परिवार ने कहा कि रानीपोखरी के काटल गड़ूल गांव में पोती की पढ़ाई के लिए पर्याप्त शैक्षणिक सुविधाएं नहीं होने के कारण खजानी देवी ने मोतीचूर में किराये का कमरा लिया था। वह अपनी पोती की पढ़ाई और भविष्य को लेकर काफी चिंतित रहती थीं।

पुलिस के सामने कई सवाल

हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही महिला के मोबाइल फोन और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

रायवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने जांच के लिए पांच टीमें लगाई हैं और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top