Uttarakhand News

उत्तराखंड में सीआरपी-बीआरपी, अतिथि शिक्षक व चतुर्थ श्रेणी के पदों पर होगी भर्ती

Ad

Uttarakhand: Dhan Singh Rawat: सूबे में गुणवत्तापरक शिक्षा के लिये सरकार द्वारा तमाम प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके तहत विभाग के अंतर्गत रिक्त चल रहे सीआरपी-बीआरपी, चतुर्थ श्रेणी, अतिथि शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरा जायेगा। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिये गये है। प्राथमिक शिक्षकों के रिक्त पदों पर तीसरे चरण की काउंसलिंग के लिये 27 सितम्बर की तिथि निर्धारित कर दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था के सुदृढी़करण को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। डा. रावत ने बताया कि प्रदेश में शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार के लिये विभाग में लम्बे समय से रिक्त चल रहे पदों को शीघ्र भरा जायेगा। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत सीआरपी-बीआरपी के 955 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिसको एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दे दिये गये हैं। इसी प्रकार चुतर्थ श्रेणी के लगभग 2500 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के पदों को भरे जाने के लिये पूर्व की बैठकों में लिये गये निर्णयों के अनुसार शिक्षकों की प्रोन्नति की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गये। प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के रिक्त पदो ंके भर्ती प्रक्रिया के तहत करीब 1400 पदों के लिये तीसरे चरण की काउंसलिंग 27 सितम्बर को आयोजित की जायेगी जिसके लिये सभी जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक को आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने को कहा गया है ताकि सभी जनपदों में रिक्त पदो ंके सापेक्ष एक ही दिन काउंसलिंग का आयोजन किया जा सके।


विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को डायट एवं एससीईआरटी की नियमावली शीघ्र तैयार करने के साथ ही प्रस्ताव शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिये। उन्होंने धारा-27 तथा अंतरमंडलीय स्थानांतरण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने केन्द्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा एनसीसी विस्तार योजना को लेकर बुलाई गई बैठक का हवाला देते हुये राज्य में एनसीसी विस्तार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा ताकि केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत एनसीसी के 7500 सीटों को विधिवत भरा जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top