Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में जीवित विधवा महिला को मृत दिखाकर रिश्तेदारों ने ही हड़प ली लाखों की ज़मीन

हल्द्वानी में जीवित विधवा महिला को मृत दिखाकर रिश्तेदारों ने ही हड़प ली लाखों की ज़मीन

हल्द्वानी: गोरापड़ाव क्षेत्र से एक बड़ा ही गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक बुजुर्ग विधवा महिला ने अपने रिश्तेदारों पर जमीन हड़पने के आरोप लगाए हैं। कथित तौर पर रिश्तेदारों ने महिला को मृत दिखाकर उसकी जमीन पर कब्जा किया है। जिलाधिकारी के पास शिकायत पहुंचने के बाद सख्त जांच कर कार्रवाई के आदेश जारी हो गए हैं।

आधुनिकता के इस दौर में रिश्तों की कीमत पहली जितनी नहीं रही। आज के दौर में पैसों की कीमत इंसान से ज्यादा बड़ी मानी जाती है। सब नहीं मगर कुछ मामले इस बात को बार बार साबित कर देते हैं। जमीन के मामलों में रिश्तों के खत्म होने की काफी खबरें आपने सुनी होंगी। मगर इस बार एक महिला को मृत दिखाकर ये नापाक हरकत की गई है।

जी हां, मामला हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र का है। पीड़ित वृद्ध विधवा भावना भट्ट ने जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल को एक शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र के मुताबिक उसके पति की मृत्यु के बाद उसे घऱ से निकाल दिया गया है। पति की मौत के बाद साल 2002-03 में उसके अपने परिवारिक सदस्य गोविंद बल्लभ ने उसे मृत दिखाकर उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।

इतना ही नहीं महिला को घर से बाहर निकाल दिया गया है। रिश्तेदारों के इस कृत्य के बाद से पीड़ित महिला दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। अब मामले में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने एसडीएम को जांच सौंपी है। डीएम गर्ब्याल ने कहा कि जीवित महिला को मृत दिखाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी गर्ब्याल के मुताबिक ये बेहद ही गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी मनीष कुमार को दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला के साथ पूरा न्याय किया जाएगा।

To Top