Sports News

ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में फिर से रचा इतिहास, सबसे तेज पूरा किया कैचों का शतक

Ad

नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच जोहानिसबर्ग के द वांडरर्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। साउथ अफ्रीका की धरती पर देवभूमि के बेटे ने भी धमाल मचाना जारी रखा है। उत्तराखंड के ऋषभ पंत मैच दर मैच अपनी विकेटकीपिंग में सुधार कर रहे हैं। पिछले मैच के बाद ऋषभ ने दूसरे मैच में भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

ADVERTISEMENTS Ad

मैच के दूसरे दिन साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी के दौरान ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में एक और खास उपलब्धि हासिल कर ली है। 24 वर्ष के ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में कैचों का शतक पूरा कर लिया है। पंत ने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर विकेट के पीछे लूंगी एंगिडी का कैच पकड़ा। जिसे पकड़ते ही वह क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में कैचों का शतक पूरे करने वाले चौथे भारतीय विकेटकीपर बन गए।

बता दें कि ऋषभ से पहले महेंद्र सिंह धोनी, सैयद किरमानी और किरण मोरे भारत के लिए यह कारनामा कर चुके हैं। लिस्ट में धोनी 256 कैच के साथ टॉप पर हैं। ऋषभ पंत ने महज 27वें टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की और अब वह टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 100 कैच लेने वाले भारतीय विकेटकीपर भी बन गए हैं। आपको याद होगा कि ऋषभ पंत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट में भारत के लिए सबसे तेज 100 शिकार करने का भी रिकॉर्ड बनाया था।

उन्होंने सेंचुरियन में पूर्व भारतीय विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा था। पंत ने 26 मैचों की 50 पारियों में सबसे तेज 100 शिकार कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उनसे पहले धोनी और रिद्धिमान साहा ने 36 टेस्ट मैचों में 100 शिकार किए थे। उत्तराखंड का यह लड़का लगातार क्रिकेट के मैदान पर अपना नाम बुलंद कर रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top