Dehradun News

अपने पहाड़ लौटना चाहते हैं ऋषभ पंत, 3 साल से घर की तलाश…अब CM धामी से लगाई गुहार

Ad

Rishabh Pant | Uttarakhand | Pushkar Singh Dhami : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब अपने गृह राज्य उत्तराखंड में अपना घर बनाना चाहते हैं। इसके लिए वह करीब तीन साल से जमीन की तलाश कर रहे हैं…लेकिन जमीन खरीदने की प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के कारण अभी तक उनकी तलाश पूरी नहीं हो पाई है।

ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस मामले में मदद की अपील की। पंत ने कहा कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड लाना चाहते हैं और राज्य में रहकर यहां के लोगों के बीच काम करना चाहते हैं।

तीन साल से जमीन तलाश रहे पंत

ऋषभ पंत के मुताबिक वह उत्तराखंड में अपने रहने के लिए उपयुक्त जमीन खरीदना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने पिछले करीब तीन वर्षों से प्रयास किए…लेकिन प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

पंत ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जमीन खरीदने की प्रक्रिया को समझने और आगे बढ़ाने में उनकी मदद की जाए…ताकि वह उत्तराखंड में अपना घर बना सकें।

सरकार जमीन दे तो सम्मान, तय कीमत पर खरीदने को भी तैयार

पंत ने अपनी बात रखते हुए यह भी कहा कि यदि सरकार उन्हें उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के सम्मान के तौर पर जमीन देती है तो वह उनके लिए गर्व की बात होगी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार द्वारा निर्धारित दर पर जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं।

उनका मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना और भविष्य में राज्य में रहकर प्रदेश के लिए योगदान देना है।

सीएम धामी ने दिया भरोसा

ऋषभ पंत की अपील के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी खेल उपलब्धियों से देश और दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।

सीएम धामी ने कहा कि पंत की ओर से उठाए गए मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अधिकारी ऋषभ पंत से संपर्क कर नियमों के अनुसार हरसंभव सहयोग करेंगे।

उत्तराखंड से पंत का पुराना जुड़ाव

ऋषभ पंत मूल रूप से उत्तराखंड से हैं और कई मौकों पर राज्य के प्रति अपना जुड़ाव जाहिर कर चुके हैं। क्रिकेट के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के बाद अब उनका उत्तराखंड में स्थायी रूप से अपना घर बनाने का प्रयास चर्चा में है।

पंत का कहना है कि वह अपने राज्य में वापस आकर यहां के लोगों के बीच रहना चाहते हैं और उत्तराखंड के विकास में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।

आयकर के मामले में भी उत्तराखंड में शीर्ष पर

ऋषभ पंत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाता रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उन्होंने इस अवधि में करीब 23.84 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत आयकर जमा किया। जुलाई में देहरादून में आयोजित आयकर दिवस कार्यक्रम में उन्हें इस उपलब्धि के लिए सम्मानित भी किया गया था।

अब उत्तराखंड में घर बनाने को लेकर मुख्यमंत्री से उनकी अपील के बाद यह मामला चर्चा में है। सरकार की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए जाने के बाद आगे की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है…इस पर सभी की नजर रहेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top