Nainital-Haldwani News

यात्रियों की टेंशन खत्म, हल्द्वानी से नैनीताल के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू

यात्रियों की टेंशन खत्म, हल्द्वानी से नैनीताल के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू

हल्द्वानी: कुमाऊं मंडल में भारी बारिश से आई आपदा के बाद जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। धीरे धीरे समय गुजरने के साथ जीवन पटरी पर लौट रहा है। यात्रियों को हो रही दिक्कतों को कम करने का प्रयत्न किया जा रहा है। इसी कड़ी में रेलवे और उत्तराखंड रोडवेज भी परयासरत हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक हल्द्वानी से नैनीताल के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है। गौरतलब है इससे स्थानीय यात्रियों को खासा लाभ मिलेगा।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को हल्द्वानी डिपो की नैनीताल के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। आपदा के बाद से अभी तक नैनीताल के लिए बस सेवा को बंद किया गया था। ऐसा इसलिए क्योंकि नैनीताल जाने वाले मुख्य रास्तों पर भूस्खलन हो गया था। इस वजह से बड़ी बसों का निकलना मुश्किल था। मगर अब धीरे धीरे सभी मार्ग खोले जा रहे हैं। इसी क्रम में बसों का संचालन भी शुरू हो रहा है।

हल्द्वानी बस स्टेशन के वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी रवि कापड़ी ने जानकारी दी और बताया कि नैनीताल के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है। लेकिन अभी अन्य पहाड़ी मार्गों पर बसों का संचालन शुरू नहीं किया गया है। लाजमी है कि अन्य कई निर्धारित रूट अभी खुले नहीं हैं। उन्होंने कहा जैसे ही अन्य रूट खुलेंगे, वहां पर भी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

स्टेशन प्रभारी ने बताया कि देहरादून, बरेली और दिल्ली के यात्रियों को संख्या को देखते हुए इन मार्गों पर अतिरिक्त बसें भेजी गईं। इसके अलावा मुरादाबाद, रुड़की, मेरठ, कोटद्वार, फरीदाबाद, लुधियाना, जालंधर, चंडीगढ़ आदि स्थानों के लिए बसें भेजी गईं। गौरतलब है कि रास्तों के बाधित होने से तमाम यात्रियों को नुकसान हुआ है। उन्हें कई जगह जाने के लिए टैक्सी का अधिक भाड़ा देना पड़ रहा है। बीते दिनों ये बात भी सामने आई थी टैक्सी चालक ज्यादा किराया वसूल कर रहे हैं। ऐसे में रोडवेज बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की टेंशन खत्म होगी।

To Top