Pauri News

“मेरे भाई को बचा लो, 5 लाख ले लो…”तेज धारा में बहते भाई को देखकर टूट गया बड़ा भाई

Ad

KanwarYatra | GangaAccident | PauriNews : कांवड़ यात्रा के बीच देवप्रयाग के टोंडेश्वर घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान 24 वर्षीय कांवड़िया अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। छोटे भाई को आंखों के सामने नदी में बहता देखकर बड़े भाई ने लोगों से उसे बचाने की गुहार लगाई।

घटना के बाद सामने आए वीडियो में युवक अपने भाई को बचाने के लिए लोगों से मदद मांगता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वह बेहद घबराया हुआ था और लोगों से किसी भी तरह उसके भाई को बचाने की अपील कर रहा था। उसकी आवाज में भाई को खोने का डर और बेबसी साफ नजर आ रही थी।

स्नान के दौरान तेज बहाव में फंसा युवक

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के फरीदाबाद निवासी आर्यन मिश्रा (24) कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा स्नान करने के लिए टोंडेश्वर घाट पहुंचा था। इसी दौरान वह अचानक नदी के तेज बहाव में फंस गया और पानी के साथ बह गया।

किनारे मौजूद उसके बड़े भाई ने घटना देखी तो वह घबरा गया। उसने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी…लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि तत्काल उसे बचाना मुश्किल हो गया।

पुलिस और एसडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने नदी में बहे युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सावन के दौरान गंगा घाटों पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंच रही है। वहीं बरसात के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियों का बहाव काफी तेज है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सावधानी की अपील

पुलिस और प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहे हैं कि वे नदी में निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। बैरिकेडिंग पार करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर बरसात के मौसम में नदियों के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top