
Uttarakhand Schools | School Timing | Education Department : उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के सभी राजकीय और निजी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों की समय-सारिणी में आंशिक संशोधन करते हुए नया आदेश जारी किया है। यह संशोधित व्यवस्था पहले जारी किए गए शासनादेश में बदलाव के बाद लागू की गई है।
नई समय-सारिणी के अनुसार ग्रीष्मकाल और शीतकाल के लिए अलग-अलग स्कूल समय निर्धारित किए गए हैं। ग्रीष्मकालीन सत्र में विद्यालयों की प्रार्थना सुबह 7:15 बजे से शुरू होगी…जबकि शीतकालीन सत्र में प्रार्थना का समय सुबह 8:45 बजे रखा गया है। इसके बाद निर्धारित अवधि के अनुसार कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
शासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण समय-सारिणी में बदलाव की आवश्यकता महसूस होती है…तो संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रस्ताव भेज सकेंगे। ऐसे मामलों में जिला स्तर पर गठित समिति प्रस्ताव की समीक्षा कर अंतिम निर्णय लेगी।
सरकार ने यह भी निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों की निर्धारित शिक्षण अवधि कम नहीं की जाएगी। केवल आवश्यक परिस्थितियों में ही स्थानीय स्तर पर समय में संशोधन किया जा सकेगा।
शिक्षा विभाग ने सभी जिलाधिकारियों, शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को संशोधित समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। नई व्यवस्था प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगी।






