Bollywood

उत्तराखंड के उस ऐतिहासिक रेस्क्यू की कहानी अब दुनिया देखेगी, तब्बू निभाएंगी लीड रोल

Ad

Silkyara Tunnel Rescue : Tabu : Tunnel Men : उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल हादसे और 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन की कहानी अब बड़े पर्दे के बजाय OTT पर देखने को मिलेगी। यशराज फिल्म्स (YRF) एंटरटेनमेंट इस घटना से प्रेरित वेब सीरीज ‘टनल मेन’ लेकर आ रहा है। इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री तब्बू मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। सीरीज को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

खास बात यह है कि तीन दशक से अधिक समय से फिल्मों में सक्रिय तब्बू पहली बार किसी हिंदी ओरिजिनल स्ट्रीमिंग सीरीज में लीड रोल करेंगी। सीरीज के जरिए नवंबर 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग में हुए हादसे और उसके बाद चले 17 दिन के बचाव अभियान को एक काल्पनिक ड्रामा के रूप में पेश किया जाएगा।

12 नवंबर 2023 को सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग का एक हिस्सा अचानक ढह गया था। इसके चलते अंदर काम कर रहे 41 मजदूर मलबे के दूसरी तरफ फंस गए थे। हादसे के बाद मजदूरों को बाहर निकालने के लिए देश-विदेश के विशेषज्ञों और बचाव एजेंसियों ने मोर्चा संभाला।

लगातार 17 दिनों तक चले इस अभियान में कई चुनौतियां सामने आईं। भारी मशीनों से ड्रिलिंग की कोशिश की गई…लेकिन तकनीकी दिक्कतों और मलबे में फंसे सरियों के कारण काम बार-बार प्रभावित हुआ। आखिर में रैट-होल माइनर्स ने हाथों से खुदाई कर मजदूरों तक पहुंचने का रास्ता तैयार किया। 28 नवंबर 2023 को सभी 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

‘टनल मेन’ में इसी मुश्किल अभियान के दौरान दिखाई दिए साहस, धैर्य, टीमवर्क और उम्मीद को कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा। हालांकि यह वास्तविक घटनाओं से प्रेरित काल्पनिक ड्रामा होगी।

इस सीरीज के शोरनर शिव रवैल होंगे। वह इससे पहले चर्चित वेब सीरीज ‘द रेलवे मेन’ का निर्देशन कर चुके हैं। वहीं YRF एंटरटेनमेंट के सीईओ अक्षय विधानी के नेतृत्व में हेड ऑफ कंटेंट सौगता मुखर्जी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं।

सौगता मुखर्जी इससे पहले ‘स्कैम 1992’, ‘महारानी’, ‘तब्बर’ और ‘रॉकेट बॉयज’ जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज से जुड़े रहे हैं। ‘टनल मेन’ का प्रसारण नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा।

तब्बू का फिल्मी करियर तीन दशक से भी ज्यादा लंबा है। उन्होंने हिंदी फिल्मों के अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई है। ‘माचिस’ और ‘चांदनी बार’ में शानदार अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं।

इसके अलावा ‘मकबूल’, ‘हैदर’ और ‘अंधाधुन’ जैसी फिल्मों में उनके काम को खूब सराहना मिली। वह मीरा नायर की ‘द नेमसेक’, आंग ली की ‘लाइफ ऑफ पाई’ और वेब सीरीज ‘ड्यून: प्रोफेसी’ में भी नजर आ चुकी हैं।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन पर फिल्मी दुनिया में यह दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है। इससे पहले आमिर खान प्रोडक्शंस ने ‘सिलक्यारा 41’ नाम से फिल्म बनाने का ऐलान किया था। इस फिल्म का निर्देशन कबीर खान करेंगे।

फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस, ऑस्ट्रेलिया की माइंड ब्लोइंग फिल्म्स और कबीर खान फिल्म्स मिलकर करेंगे। इसकी कहानी भी 17 दिनों तक सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को बचाने के अभियान पर आधारित होगी। फिल्म में ऑस्ट्रेलियाई सुरंग विशेषज्ञ प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की भूमिका को भी प्रमुखता दी जाएगी। इसकी पटकथा ऑस्ट्रेलियाई लेखक एंड्रयू अनास्टासियोस ने लिखी है।

सिलक्यारा हादसा 12 नवंबर 2023 की सुबह हुआ था। सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 मजदूर अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF और राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) की टीमें बचाव कार्य में जुट गईं।

शुरुआत में सबसे बड़ी चुनौती मजदूरों तक संपर्क स्थापित करने और उन्हें सुरक्षित रखने की थी। इसके लिए पाइप के जरिए ऑक्सीजन, भोजन, पानी और दवाइयां पहुंचाई गईं। बाद में कैमरे की मदद से पहली बार मजदूरों की तस्वीरें सामने आईं…जिससे उनके परिवारों और देशभर के लोगों को राहत मिली।

हादसे के अगले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिलक्यारा पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर चल रहे बचाव अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री लगातार राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों के संपर्क में रहे।

मजदूरों के बाहर निकलने से पहले ही एंबुलेंस, चिकित्सा सुविधाओं और अस्पतालों में जरूरी इंतजाम किए गए थे। चिन्यालीसौड़ में विशेष चिकित्सा व्यवस्था बनाई गई…जबकि एम्स ऋषिकेश को भी अलर्ट रखा गया था। मजदूरों के परिजनों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी प्रशासन ने संभाली थी।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ऑगर मशीनों से मलबे के बीच रास्ता बनाने की कोशिश की गई। शुरुआत में ड्रिलिंग से उम्मीद जगी…लेकिन अंदर मौजूद सरियों और अन्य बाधाओं ने काम मुश्किल कर दिया। मशीन में खराबी आने और उसके फंसने से अभियान के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई।

इसके बाद बचाव अभियान में रैट-होल माइनर्स की मदद ली गई। इन विशेषज्ञों ने बेहद संकरी पाइप के भीतर जाकर हाथों से मलबा हटाया। उनकी मेहनत से आखिरी रास्ता तैयार हुआ और 28 नवंबर को सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया।

सिलक्यारा में चलाए गए बचाव अभियान को बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उदाहरण के तौर पर पेश किया गया। ओडिशा के पुरी में आयोजित BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण (DRR) बैठक में उत्तराखंड के इस रेस्क्यू मॉडल का उल्लेख किया गया। इसमें बताया गया कि किस तरह अलग-अलग एजेंसियों और विशेषज्ञों ने मिलकर मुश्किल परिस्थितियों में 41 मजदूरों की जान बचाई।

अब ‘टनल मेन’ के जरिए इसी अभियान के संघर्ष और जज्बे को दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है। ऐसे में उत्तराखंड के सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित यह सीरीज रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top