Nainital-Haldwani News

नैनीताल समेत कुमाऊं के चार जिलों में नए साल से पहले होगी बर्फबारी

नैनीताल समेत कुमाऊं के चार जिलों में नए साल से पहले होगी बर्फबारी
Ad

हल्द्वानी: नया साल तो मानो जैसे दरवाजे पर खड़ा है। चंद दिनों बाद 2021 की जगह साल 2022 आ जाएगा। लेकिन इस बार नए साल से पहले ही कुमाऊं को बड़ा तोहफा मिल सकता है। दरअसल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दो-तीन दिनों में कहीं कहीं पर बारिश व बर्फबारी होने की पूरी संभावना है।

ADVERTISEMENTS Ad

उत्तराखंड राज्य मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 23 और 24 दिसंबर को कुमाऊं में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम थोड़ा से करवट बदलेगा। इसी बदली के साथ 25 दिसंबर को कहीं कहीं पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं। 26 दिसंबर को हल्की बारिश यानी बूंदाबांदी की आशंका जताई जा रही है।

वहीं, स्काईमेट (मौसम की ऑनलाइन निगरानी करने वाली निजी कंपनी) के अनुसार 27 दिसंबर को लोगों का इंतजार खत्म हो सकता है। कुमाऊं के अधिकांश जगहों पर इस दिन हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ साथ पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा व नैनीताल जिले में बर्फबारी होने की संभावना है।

बता दें कि नए साल में स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों की भीड़ भी पहाड़ों में बर्फबारी को लेकर उत्सुक रहती है। बर्फ में खेलने का मौका हर बार थोड़ा देरी से आता है। लेकिन इस बार नए साल से पहले ही लोगों को बर्फ का लुत्फ उठाने का मौका मिलने जा रहा है। हालांकि बर्फ गिरने से ठंड भी बढ़ जाने की उम्मीद है।

बीते दिन यानी बुधवार की बात करें तो मौसम में एकाएक बदलाव देखा गया। मौसम साफ होने व दिन में चटक धूप खिली तो तापमान बढ़ गया। मगर शाम को ठंड भी रही। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान तीन दिन बाद 20 डिग्री के पार पहुंचा। न्यूनतम पारे में भी तेजी आई है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ में तापमान शून्य से ऊपर आ गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top