
Monsoon Uttarakhand | Heavy Rain Alert | Weather Update : उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 30 जून तक मानसून प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में पूरे राज्य को कवर कर लेगा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 1 से 4 जुलाई तक कई जिलों में तेज और भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, अचानक बाढ़, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, जलभराव और सड़कें बंद होने जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र सिंह महर ने नागरिकों, यात्रियों, चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें…और आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। इससे संभावित दुर्घटनाओं और जनहानि से बचा जा सकता है।






