Sports News

रिंकू सिंह गजब का क्रिकेटर है भाई…एक ओवर में जड़े 3 छक्के और कुल 25 रन बना डाले

नई दिल्ली: एशियन गेम्स खेलने गई भारतीय टीम को पहले मुकाबले में जीत मिली है। भारत ने नेपाल को हराया। इस टी-20 मुकाबले में यशस्वी जयसवाल ने शतक जड़ा तो वहीं रिंकू सिंह एक बार फिर अपने ही अंदाज में दिखे।  एशियन गेम्स में नेपाल के खिलाफ शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल से ज्यादा रिंकू सिंह की चर्चा हो रही है।

आखिरी ओवर्स में रिंकू सिंह की विस्फोटक पारी के बूते ही भारत 200 रन का आंकड़ा पार कर पाया। बाएं हाथ के युवा फिनिशर ने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंद में ताबड़तोड़ 37 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 246.66 की स्ट्राइक रेट से दो चौके तो चार गगनचुंबी छक्के भी उड़ाए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल ने भारत को बढ़िया शुरुआत दिलाई। एक छोर से विकेट गिरते रहे, लेकिन वह टिके रहे। जायसवाल के आउट होने के बाद भारतीय पारी बिखर गई। इसके बाद रिंकू सिंह ने जलवा दिखाया। शिवम दुबे (19 गेंद में नाबाद 25) के साथ मिलकर रिंकू सिंह (15 गेंद में नाबाद 37) ने पांचवें विकेट के लिए 22 गेंद में 52 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।

एशियन गेम्स 2023 में मेन्स क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल में भारत ने नेपाल को 23 रन से मात दे दी है। नेपाल के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम इंडिया ने नेपाल को 203 रन का लक्ष्य दिया था। यशस्वी जायसवाल ने इस मैच शतक लगाया। रिंकू सिंह ने भी डेथ ओवर्स में अच्छा फिनिश किया था। वहीं नेपाल की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 178 रन बना पाई। भारत की ओर से गेंदबाजी में रवि बिश्नोई और आवेश खान ने 3-3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह को भी 2 सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ ही सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बता दें कि महिला क्रिकेट में भारतीय टीम ने पहले ही गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।

To Top