Dehradun News

उत्तराखंड के इस शहर में रात 10 बजे के बाद बढ़ी सख्ती, बाहर निकले तो पुलिस करेगी पूछताछ; जेल की भी नौबत

Ad

Dehradun Police | Student Safety | PG Hostel Checking : पटेलनगर के इंडस्ट्रियल क्षेत्र में निजी विश्वविद्यालय के बाहर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने छात्र और युवा बाहुल्य इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। अब देर रात बिना वजह घूमने, हुड़दंग करने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवाओं की जांच की जाएगी।

गुरुवार देर रात एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रेमनगर क्षेत्र के पीजी और हॉस्टलों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार हॉस्टल में कुछ अनियमितताएं मिलीं। पुलिस ने संबंधित संचालकों को नोटिस देकर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

चेकिंग के दौरान देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे चार युवकों को पुलिस थाने लेकर गई। उनसे पूछताछ कर उनकी गतिविधियों और पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।

पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को कई जरूरी निर्देश दिए हैं। छात्रों के आने-जाने का रिकॉर्ड रखने, बाहरी लोगों को सत्यापन के बाद प्रवेश देने और सभी छात्रों का पुलिस सत्यापन कराने को कहा गया है। इसके अलावा हॉस्टल और पीजी में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस ने रात में छात्रों के बाहर आने-जाने के समय को लेकर भी संचालकों को निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि छात्र क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार यदि किसी हॉस्टल या पीजी में नशीले पदार्थों का सेवन, आपराधिक गतिविधि या अन्य गंभीर अनियमितता सामने आती है तो संबंधित छात्र के साथ संचालक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने अधिकारियों को छात्र-छात्राओं की आड़ में हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस का यह अभियान छात्र क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top