Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी की टीम थाल सेवा को सलाम, दस लाख थाली परोस कर पेश की मिसाल

हल्द्वानी: शहर में समाज कार्यों का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। सेवा कार्यों में जुटे युवा जरूरतमंदों की भूख मिटाने का काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में थाल सेवा की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। अब थाल सेवा ने समाज सेवा करते हुए एक नया रिकॉर्ड बना लिया है। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह भी टीम थाल सेवा के साथ उपस्थित रहीं।

बता दें कि थाल सेवा की शुरुआत हल्द्वानी शहर में तीन साल पहले हुई थी। अब टीम ने अपने दस लाख थाल पूरे कर लिए हैं। जी हां, एक लाख या दो लाख नहीं, टीम थाल सेवा पिछले तीन बरस में तकरीबन दस लाख थाली परोस चुकी है। लोगों की भूख मिटाने का यह प्रयास वाकई पुण्य का काम है।

गौरतलब है कि सुशीला तिवारी अस्पताल के पास टीम थाल सेवा स्टॉल लगाती है। जहां दूर दराज से आए मरीजों के तीमारदारों के अलावा राहगीरों को खाना परोसा जाता है। ऐसे आधुनिक जमाने में जहां, मारामारी से लेकर अपराध से जुड़े कृत्यों की संख्या अत्याधिक बढ़ गई है, वहीं टीम थाल सेवा दिल जीतने वाला काम कर रही है।

आज जब टीम की ओर से दस लाख सेवा थाल को नगर मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने जरूरत मंद को समर्पित किया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने थाल सेवा की खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि अबतक थालसेवा के बारे में सुना ही था आज सेवा भाव को प्रत्यक्ष रूप से देख भी लिया। उन्होंने कहा आज से वो भी इस परिवार का हिस्सा बनना चाहेंगी।

इस अवसर पर उन्होंने वस्त्र सेवा और अन्य सेवाओ के विषय मे भी जानकारी हासिल की। टीम थालसेवा की तरफ से दिनेश मानसेरा, उमंग वासुदेवा, प्रवीण मित्तल, संजय बग्गा, राजीव वाही, राजीव बग्गा, अतुल वर्मा, गिरीश गुप्ता, अदनान खान, दयाल पांडेय, दिनेश आर्यन, महेंद्र जड़ौत, कश्मीरी लाल साहनी, आदि मौजूद रहे ।

To Top