
देहरादून। चमोली के पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात राहत और बचाव अभियान की समीक्षा की। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और अधिकारियों से लगातार अपडेट लिया।
सीएम धामी ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। उन्होंने मजदूरों का हालचाल जाना और उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में मजदूरों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने इलाज और जरूरत पड़ने पर आगे की सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।
मुख्यमंत्री ने चमोली प्रशासन के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य बचाव एजेंसियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने निर्देश दिए कि टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय टनल में 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। इनमें से 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है…जबकि बाकी लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।
सीएम धामी ने चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार से फोन पर बातचीत कर मौके की स्थिति जानी। उन्होंने प्रशासन को राहत कार्यों के लिए जरूरी मशीनरी, संसाधन और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
घायलों को बेहतर इलाज देने के लिए चिकित्सा अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर के जरिए एम्स या किसी अन्य उच्च चिकित्सा केंद्र में भेजने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है और सभी लोगों के सुरक्षित बाहर आने तक रेस्क्यू अभियान पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेगा।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार की निगरानी में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना की टीमें संयुक्त रूप से राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। मौके पर आवश्यक उपकरण और चिकित्सा व्यवस्था भी की गई है।






