Dehradun News

देहरादून से मसूरी का सफर मिनटों में पूरा होगा, देश का सबसे लंबा पैसेंजर रोपवे होगा तैयार !

Ad

देहरादून: पहाड़ों की रानी मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। अब देहरादून से मसूरी की यात्रा केवल 20 मिनट में पूरी हो सकेगी। वर्तमान में करीब 33 किलोमीटर दूरी तय करने में करीब सवा घंटे का समय लगता है और अक्सर इस मार्ग पर लंबा जाम रहता है। लेकिन अब दोनों शहरों को जोड़ने के लिए 5.2 किलोमीटर लंबा रोपवे बनाया जा रहा है, जो सितंबर 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा। यह देश का सबसे लंबा पैसेंजर रोपवे होगा।

ADVERTISEMENTS Ad

रोपवे निर्माण का लगभग आधा कार्य पूरा हो चुका है। कुल 26 टावरों में से 16 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पुरकुल में रोपवे टर्मिनल के साथ 10 मंजिला बहुस्तरीय पार्किंग का भी लगभग 50% काम पूरा हो चुका है, जो 2,000 से अधिक वाहनों की पार्किंग क्षमता रखेगा। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित की जा रही है। रोपवे पर्यटकों को सीधे मसूरी के मॉल रोड स्थित लाइब्रेरी चौक तक ले जाएगा।

इस परियोजना से मसूरी में पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी। साथ ही यह सड़क यातायात में भी कमी लाने में मददगार साबित होगा। उत्तराखंड पर्यटन विभाग का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रदूषण कम करना और यातायात जाम से राहत प्रदान करना है।

परियोजना के महत्वपूर्ण बिंदु……

दुनिया के पांच सबसे लंबे मोनो-केबल रोपवे सिस्टम में से एक होगा।

कुल लागत: 285 करोड़ रुपये।

कुल 26 टावर, जिनमें से 16 का निर्माण पूरा।

10 मंजिला बहुस्तरीय पार्किंग, 2,000+ वाहनों की क्षमता।

रोपवे मोनो-केबल डिटैचेबल गोंडोला सिस्टम पर आधारित।

लगभग 1,000 मीटर की ऊंचाई तक जाएगा।

दक्षिण एशिया में अपनी तरह का सबसे लंबा पैसेंजर रोपवे होगा।

पर्यावरण अनुकूल, पूरी तरह बिजली से संचालित।

प्रति घंटे 1,300 यात्रियों को ले जाने की क्षमता।

ऑटोमेटिक दरवाजे और मौसम से सुरक्षा देने वाला आधुनिक डिजाइन।

धीरज सिंह गर्ब्याल पर्यटन सचिव ने कहा कि देहरादून-मसूरी रोपवे पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा प्रदान करेगा। यह परियोजना पहाड़ी पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यातायात जाम में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top