Nainital-Haldwani News

बड़ी खबर: हल्द्वानी कठघरिया के जंगल में घास लेने गई महिला को बाघ ने मार डाला, अलर्ट जारी

हल्द्वानी: कठघरिया क्षेत्र से सटे पनियाली ग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल ग्राम से सटे जंगल में एक बाघ ने पुरुष के बाद अब एक महिला को भी मौत के घाट उतार दिया है। बीते शाम महिला का क्षत विक्षत शव जंगल में दो किमी अंदर से बरामद किया गया है। ग्रामीणों में इस खबर के बाद से ही दहशत व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के कठघरिया के गांव पनियाली में रहने वाली 50 वर्षीय जानकी पत्नी श्याम सिंह भंडारी सोमवार की सुबह गांव से सटे जंगल से पशुओं का चारा लेने गई थीं। परिवार जनों को घबराहट तब शुरू हुई जब वह शाम तक घर नहीं लौटीं। जिसके बाद फौरन परिजनों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।

जानकारी मिलने के तुरंत बाद रामनगर डिवीजन की फतेहपुर वन रेंज के कर्मचारियों और पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर ग्रामीणों के साथ जंगल में महिला की तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान शाम को करीब सात बजे जंगल में दो ढाई किलोमीटर अंदर पलियाबेट के कक्ष संख्या तीन चार के मिलान पर जानकी का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ

शव मिलने के बाद से गांव वालों में डर का माहौल है। फतेहपुर वन रेंज (रामनगर वन डिवीजन) हल्द्वानी के रेंजर केएल आर्य ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला के शव को देखकर प्रतीत हो रहा है कि उसका ये हाल बाघ ने किया है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से चारे के लिए जंगल के अंदर जाने से मना किया है। गौरतलब है कि हाल ही में बाघ ने एक और स्थानीय व्यक्ति को निवाला बनाया था।

To Top