Udham Singh Nagar News

अल्मोड़ा से आई बरात में बराती ही निकले चोर, लड़के वालों को लगाया लाखों का चूना

Ad

रुद्रपुर: पहाड़ से बारात लेकर ऊधमसिंहनगर आए एक परिवार को कुछ चोरों ने अपने शातिर दिमाग से बड़ा चूना लगा दिया। बराती बनकर विवाह समारोह में आ घुसे दो चोरों ने दूल्हे के पिता के पास जाकर उनके बैग से ना केवल हजारों की नगदी निकाली बल्कि शादी के लाखों के जेवर भी पार कर लिए। अच्छी बात ये है कि जेवरात बरामद करने के साथ पुलिस ने दोनों को ही गिरफ्तार कर लिया है।

ADVERTISEMENTS Ad

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ये मामला रुद्रपुर के न्यू संगम बारा घर का है। एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने जानकारी दी और बताया कि आठ फरवरी को मल्ला खोल्टा सुनारी नौला अल्मोड़ा के रहने वाले दिनेश चंद्र अपने पुत्र दीपक की बरात लेकर यहां आए थे। बता दें कि शादी के दौरान चोरों ने दिनेश चंद्र के पास जाकर उनके बैग से 19 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवरात चुरा लिए थे।

एसपी क्राइम ने बताया कि पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के साथ साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए थे। ऐसे में एक फुटेज में कैद दो संदिग्ध मोदी मैदान के पास दिखे तो पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया, जहां आरोपितों को दबोच लिया गया। बाद में पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम पंकज पाल उर्फ भोला पुत्र गोविंद पाल निवासी खेड़ा और शाहबाज उर्फ चाइनीज पुत्र अफाक खान निवासी किच्छा लालपुर बताए हैं।

पूछताछ में उन्होंने बरात में चोरी की बात कबूल कर ली है। दोनों ने बताया कि वह बराती बनकर शादी में गए और धीरे धीरे दूल्हे के पिता के पास जाकर खड़े हो गए। जैसे ही मौका मिला, उन्होंने नगदी व जेवरात से भरा बैग उड़ा लिया। पुलिस ने सोने की नथ, मांग टीका, सवा तोले का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, बिछुए और नकदी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि दोनों नशे के लिए चोरी करते हैं। दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top