Dehradun News

उत्तराखंड: बारिश के दौरान नाली के पाइप में फंसने से 6 साल के मासूम की मौत

Ad

Vikasnagar News | Dehradun News | Uttarakhand Rain : उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में छह साल के मासूम की जान चली गई। घटना कोतवाली विकासनगर क्षेत्र की खादर बस्ती में हुई…जहां बारिश के दौरान खेल रहा बच्चा नाली के पाइप में फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के समय बच्चा मस्जिद के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान तेज बहाव के साथ वह नाली के पास पहुंच गया और करीब 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी देर तक चले रेस्क्यू के बाद जेसीबी मशीन की मदद से पाइप को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया…लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क का ढाल अधिक होने और नालियों की खराब स्थिति के कारण बारिश का पानी तेज गति से बहता है…जिससे यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाईं ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चा बारिश के दौरान खेलते समय हादसे का शिकार हुआ। उन्होंने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top