Dehradun News

उत्तराखंड: तेज बारिश के बीच सवारियों से भरी मैक्स पर गिरा पेड़, एक की मौके पर मौत !

Ad

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को लगातार हो रही बारिश ने कहर बरपाया। शहर के प्रतिष्ठित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के सामने एक बड़ा हादसा हुआ…जहां तेज बारिश के बीच एक विशालकाय पेड़ सवारियों से भरी मैक्स (UK09A 0433) पर गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

घटना दोपहर बाद की है जब देहरादून से चकराता की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे 707A पर स्थित एफआरआई के बाहर एक पुराना और भारी भरकम पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आकर उत्तरकाशी के नौगांव क्षेत्र से आ रही सवारियों से भरी मैक्स पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद थे उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना…जिन्होंने तुरंत राहत कार्य शुरू करवाया और घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जीप प्रेमनगर की ओर जा रही थी, तभी यह पेड़ गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से पेड़ और वाहन को हटाया गया। वाहन चालक सौभाग्य से बाल-बाल बच गया, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेता धस्माना का कहना है कि एफआरआई और आसपास के क्षेत्रों में कई पेड़ पुराने और कमजोर हो चुके हैं। बावजूद इसके, कटान और छंटाई को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यह लापरवाही अब जानलेवा साबित हो रही है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और वन विभाग पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार विभागीय अधिकारियों से इस विषय में संपर्क की कोशिश की जा रही है…लेकिन अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top