
Weather Alert | Uttarakhand Rain : उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अनुमान है। जबकि अन्य जिलों में भी तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
रुद्रप्रयाग में अतिवृष्टि से नुकसान
रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में बुधवार शाम हुई भारी बारिश से कई गांव प्रभावित हुए। खलियाण बांगर और पुजार गांव में गदेरों में अचानक पानी और मलबा आने से कई घरों के आंगन मलबे से भर गए। वहीं कुछ किसानों की कृषि भूमि भी कटकर बह गई।
भारी बारिश के कारण गौशालाओं के आसपास बड़े-बड़े पत्थर और मलबा जमा हो गया। कई स्थानों पर दुकानों और भवनों के पीछे भी मलबा भरने से नुकसान पहुंचा है। बुरांश गदेरे पर बनी दो पुलियाएं भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
इसके अलावा जखोली-बधानीताल मोटर मार्ग और पुजारगांव-कुरछौला मार्ग पर भारी मलबा और बोल्डर आने से यातायात बाधित हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
बारिश के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।






